Live Wire News literary portal with Gulmohar and Rajnigandha flowers

बालोतरा :तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डंपर में घुसी, 5 की मौत

बालोतरा में डंपर से टकराने के बाद पूरी तरह क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो और मौके पर राहत-बचाव कार्य बालोतरा में डंपर से टकराने के बाद पूरी तरह क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो और मौके पर राहत-बचाव कार्य

मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु

राजस्थान के बालोतरा जिले में सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल राजकीय नाहटा अस्पताल, बालोतरा पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि पांच गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया। जोधपुर में इलाज के दौरान दो अन्य घायलों ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई।

यह दुर्घटना बाड़मेर-जोधपुर नेशनल हाईवे पर पचपदरा थाना क्षेत्र के भाडिंयावास गांव के पास सोमवार रात करीब 11:30 बजे हुई।

मृतकों की पहचान बालोतरा जिले के कानोड गांव निवासी रेवांताराम (26) पुत्र गेनाराम जाट, स्वरूपाराम (27) पुत्र मेहराराम जाट, भरत (25) पुत्र बन्नाराम जाट, किशन (27) पुत्र शेराराम जाट और भावेश पुत्र कलाराम जाट के रूप में हुई है। सभी श्रद्धालु जोधपुर स्थित भोमियाजी मंदिर में दर्शन कर अपने गांव लौट रहे थे।

हादसे में घायल बाबू, मुकेश और हेमाराम का इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *