Live Wire News literary portal with Gulmohar and Rajnigandha flowers

अमिताभ की ‘अक्स’ से अपनी ‘अक्स’ तक

बिग बी की दाढ़ी 24 की, अपनी 39 की — फ्रेंच कट का सफर

कीर्ति राणा, वरिष्ठ पत्रकार, इंदौर

अमिताभ बच्चन के 83वें जन्मदिन पर एक्स पर उन्हें बधाई देते हुए उनकी फ्रेंच कट दाढ़ी को लेकर विचार आया कि पता तो किया जाए ये दाढ़ी वे कब से रख रहे हैं। इस विचार की एकमात्र वजह यह भी कि अपन भी ऐसी ही दाढ़ी वाले हैं।

अस्सी के दशक में तब मुंबई में बाल ठाकरे (शिव सेना) ने फ्रेंच कट दाढ़ी का मान बढ़ाया। फिर प्रीतिश नंदी (पत्रकार-फिल्मकार) और अमिताभ बच्चन-इन तीनों की पहचान फ्रेंच कट दाढ़ी भी रही है। बाल ठाकरे और प्रीतिश नंदी दिवंगत हो गए हैं।तत्कालीन प्रधानमंत्री (स्व) इंद्र कुमार गुजराल की भी पहचान रही है यह दाढ़ी।

गूगल बाबा की मदद ली तो पता चला कि बिग बी की फ्रेंच कट दाढ़ी 24 साल की हो गई है। उनकी फिल्म ‘अक्स’ रिलीज हुई थी। तब इस दाढ़ी में उनका फर्स्ट लुक था। फिल्म के बाद, उन्हें यह स्टाइल इतना पसंद आया कि उन्होंने इसे हमेशा के लिए अपना लिया, क्योंकि यह दाढ़ी उन्हें डबल चिन और झुर्रियों को छुपाने में भी मदद करती है।
अक्स फिल्म के दो निर्माताओं में खुद अमिताभ भी एक निर्माता थे। डायरेक्टर राकेश ओम प्रकाश मेहरा थे। अन्य कलाकार थे रवीना टंडन, मनोज वाजपेयी, नंदिता दास। नौ गानों वाली इस फिल्म के गीत लिखे थे गुलजार ने।

आज बिग बी जब अपना 83वां जन्मदिन मना रहे हैं तब उनकी यह फ्रेंच कट दाढ़ी 24 साल की हो गई है। अपन तो इसलिए बिलावजह खुश हो रहे हैं कि अपनी दाढ़ी की उम्र उनकी दाढ़ी से अधिक है। मुंबई में (1978-80) के दौरान कुछ समय यह दाढ़ी रही। फिर इंदौर में आए बाद से है।
शादी के दौरान का तो एक मजेदार वाकया है 1986 का। मेरी बारात पहुंची बैंक कॉलोनी अन्नपूर्णा रोड। बारातियों को जहां जनवासा दिया था वहां ससुराल पक्ष की महिलाओं में से एक चंदा सिसोदिया (स्कूल/कॉलेज संचालिका) ने मजाक में पूछ लिया था कंवर साब आपने दाढ़ी नहीं कटवाई।

मैंने भी हंसते हुए जवाब दे दिया था आप को मेरी दाढ़ी से फेरे पड़वाने हैं या मुझ से। उन लोगों को लगा कि कहीं बात का बतंगड़ ना हो जाए इसलिए महिलाओं ने ठहाका लगा कर बात को हवा में उड़ा दिया।

बिग बी की दाढ़ी से अपनी दाढ़ी 39 साल की यानी 15 साल बढ़ी है।यह उम्र भी शादी वाले दिन से जोड़ी है जबकि यह इससे पहले से है।अब बात यह कि फ्रेंच कट दाढ़ी रखने का अपने को विचार आया कैसे?

प्रभु (जोशी) दा के प्रकाश कांत और जीवन काका ( जीवन सिंह ठाकुर) खास मित्र रहे। ये जीवन काका चुग्गा दाढ़ी रखते थे, उनके चेहरे पर खूब जमती भी थी। जीवन काका से एक बार पूछा था तो उन्होंने बताया था यह दाढ़ी सोवियत नेता निकोलाई बुलगानिन से प्रभावित होकर रखी थी । बस उनकी इस दाढ़ी का ऐसा जादू चला कि अपन ने भी (मालवी भाषा में) बकरा दाढ़ी रख ली।

इस दाढ़ी से मुंबई (बंबई) का भी एक किस्सा जुड़ा हुआ है। बात कालबादेवी की है, जहां रमेश निर्मल के साथ रहता था। सुबह का चाय-नाश्ता होटल में ही करता था। वहां जिस इलाके में सब्जी मंडी लगती थी, उधर होटल की तरफ जा रहा था। मेरी हाइट कम होने से, सड़क पर पीछे से आ रहा तांगे वाला ऐ मुन्ना बाजू हट कहते हुए आवाज लगाए जा रहा था। मैंने गर्दन घुमा कर उसकी तरफ देखा तो मेरी फ्रेंच कट दाढ़ी से उसे मेरी उम्र का अहसास हो गया था शायद, वो खिसियानी हंसी हंसते और हाथ जोड़ते हुए आगे निकल गया।

नाटा कद होने के कारण इस दाढ़ी रखने का एक फायदा यह भी है कि उम्र का लिहाज कर लेते हैं लोग। कटिंग कराने के दौरान जब पार्लर पर कारीगर पूछता है दाढ़ी भी काली करना है क्या। मैं उसे समझाता हूं बस हेयर ही डाई करो, दाढ़ी सफेद ही रखना, ये अपना शो रूम है।ये चेहरा फ्रेंच कट दाढ़ी मुक्त हुआ भी तो नानी, कमाजी और पिताजी के दाह संस्कार के वक्त ।

3 thoughts on “अमिताभ की ‘अक्स’ से अपनी ‘अक्स’ तक

  1. आप की वेबसाइट/आप की खासियत देखी है जितनी रिपोर्ट प्रकाशित होती है शीर्षक और एडिटिंग से उनका रूप निखर जाता है-जैसे कि यह रिपोर्ट ही। 🌹

    1. धन्यवाद सर, आपका ही अक्स है… सब कुछ आप से ही सीखा है..22 साल बाद भी पत्रकारिता और रिपोर्टिंग और एडिटिंग की चर्चा होती है तो बस आपका ही उदाहरण सामने आता है.. मैंने आपको अपने हाथों से रिपोटर्स की कॉपी हो एडिट और संवारते हुए देखा है… मन प्रसन्न हो गया.. आपके दो शब्दों से…

  2. बिग बी की दाढ़ी और आपकी दाढ़ी की उम्र में 15 साल का अंतर दिखना भी चाहिए ब्लैक एंड व्हाइट का

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *