बदला-बदला नज़र आने लगा महिदपुर रोड

सड़क चौड़ीकरण से नगरवासियों को जाम से राहत, सौंदर्यीकरण ने बढ़ाई आकर्षक छवि

महिदपुर रोड नगर के सर्किट हाउस से लेकर रेलवे स्टेशन तक मुख्य मार्ग पर किए गए सड़क चौड़ीकरण के श्रेष्ठ परिणाम अब स्पष्ट दिखाई देने लगे हैं। चौड़ी और व्यवस्थित सड़क ने नगर के स्वरूप को बदला-बदला बना दिया है।

पहले बढ़ते यातायात के दबाव और फुटकर ठेला-व्यापारियों की भीड़ के कारण इस मार्ग पर यात्री बसों व ट्रकों के चालकों को वाहनों को पार करने में भारी दिक़्क़तों का सामना करना पड़ता था। आए दिन जाम लगना आम बात थी। अब चौड़ीकरण के बाद नगर से होकर गुजरने वाले वाहनों को बार-बार के ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी।

नगर के विकास और सुंदरता की कल्पना को और अधिक निखारने के उद्देश्य से नगरवासियों ने ग्राम पंचायत प्रशासन से सर्विस लेन बनाने की भी मांग की है। उनका कहना है कि नगर की स्थापना के समय तत्कालीन जनप्रतिनिधियों ने मुख्य मार्ग के दोनों ओर स्थित मकानों के बीच लगभग 3 फीट चौड़ी गली पीछे आने-जाने वालों के लिए छोड़ी थी। लेकिन समय के साथ कुछ लोगों ने इसका दुरुपयोग कर गली को अवरुद्ध कर दिया है।

नगरवासियों का मानना है कि यदि उस समय पंचायत प्रशासन ने इस पर कार्यवाही की होती तो आज यह समस्या खड़ी नहीं होती। अब सड़क चौड़ीकरण के साथ नगर की नई तस्वीर उभर रही है, और सर्विस लेन के निर्माण से इसका स्वरूप और भी बेहतर हो सकता है।

लाइव वॉयर न्यूज के लिए महिदपुर रोड से गोपाल उपाध्याय की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *