महाकाल की महिमा अब सिनेमा में

हरिहर वीरमल्लू’ में चमका उज्जैन का भस्म रमैया मंडल

उज्जैन, 25 जुलाई
दक्षिण भारत के सुपरस्टार और आंध्रप्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की बहुचर्चित फिल्म हरिहर वीरमल्लू (धर्मयुद्ध) 24 जुलाई को देशभर में पांच भाषाओं में प्रदर्शित हुई। इस 250 करोड़ की मेगा बजट फिल्म में उज्जैन के भस्म रमैया भक्त मंडल को प्रमुख भूमिका में प्रस्तुत किया गया है, जिसने फिल्म को आध्यात्मिकता और सनातन परंपरा का जीवंत स्पर्श दिया है।

फिल्म की थीम 17वीं सदी में मुगलों द्वारा भारत में किए गए धार्मिक विध्वंस पर आधारित है। इसमें पवन कल्याण ने वीर धर्मरक्षक हरिहर वीरमल्लू का किरदार निभाया है, जबकि बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल ने औरंगज़ेब की भूमिका निभाई है।

भक्त मंडल के संस्थापक प्रवीण मादुस्कर ने बताया कि फिल्म में भस्म रमैया भक्त मंडल न केवल पृष्ठभूमि को जीवंत करता है, बल्कि पूरी कहानी में धर्म की धुरी के रूप में दिखाई देता है। फिल्म के प्रचार कार्यक्रम के अंतर्गत 21 जुलाई को हैदराबाद में हुए भव्य प्रमोशन में भी मंडल को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था, जहाँ मंडल ने अपनी अनुपम प्रस्तुति दी।

मादुस्कर ने यह भी बताया कि वर्ष 2022 में जब पवन कल्याण इस फिल्म पर कार्य आरंभ कर चुके थे, तब उन्हें एक ऐसी प्रस्तुति की तलाश थी जो फिल्म की आत्मा को थाम सके। उसी समय उज्जैन में आयोजित महाकाल महालोक लोकार्पण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में हुए भस्म रमैया भक्त मंडल की लाइव प्रस्तुति ने फिल्म निर्माताओं का ध्यान खींचा।

इसके पश्चात मंडल को फिल्म में शामिल किया गया और हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी में लगभग 20 दिन तक शूटिंग चली। मंडल के 60 सदस्यों, जिनमें मौनी बाबा डमरूवाले और पं. मधुरम सरकार भी शामिल थे, ने अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर फिल्म में धार्मिक वातावरण को गहराई प्रदान की।

यह फिल्म केवल एक ऐतिहासिक कथा नहीं, बल्कि धर्म, संस्कृति और परंपरा की रक्षा में समर्पित भारत की भावनाओं की अभिव्यक्ति बनकर दर्शकों के सामने आई है।

सुरेश परिहार, संपादक, लाइव वॉयर न्यूज पुणे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *