
लक्ष्मी लाल
घर की याद आते ही
मन में समा जाता है उल्लास।
याद आता है बाहर का वह बरामदा,
जिस पर चहलकदमी करते बाबूजी
बेसब्री से करते थे मेरा इंतज़ार।
बाबूजी से घर की शान थी,
घर की पहचान थी।
खो गई वह अनुभूति,
खो गया वह एहसास।
माँ बार-बार दरवाज़े तक आती
और बाबूजी से पूछती।
कह देते, “अभी नहीं आई।”
देर होते देख कमरे में लौट जाती।
चाहे वह स्कूल-कॉलेज से
लौटने का वक़्त रहा हो
या खेल के मैदान से।
मैं कैसे भूल जाऊँ
सूप लेकर माँ का चावल फटकना
और दाना चुगने को चिड़ियों का आ जाना।
पानी के कसोरे में डुबकी लगाना,
पंख फड़फड़ाना,
पानी बिखेर फुर्र से उड़ जाना।
ऐसे में माँ चिड़ियों को देखकर
देख लेती थी मुझको भी।
माँ जानती है, बेटियों का जीवन भी
चिड़ियों की तरह ही है,
फुर्र से उड़ जाना है।
माँ का चौका ही था घर-संसार,
निश्छल, गंगा-सा पावन।
याद आता माँ का प्यार,
सदा हम सबकी पसंद का पकाया करती।
माँ तो माँ होती है,
हर कष्ट हर लेती है।
खूब फरमाइश करते और करते
और करते थे मनमानी।
गाल पर थपकी देकर माफ़ कर देती थी
हमारी नादानी।
संस्कारित था हमारा गेह,
भाई-बहनों में था अपार स्नेह।
यूँ तो बात-बात में
होती रहती थी नोक-झोंक,
पर किसी के मन में
नहीं लगती थी खरोंच।
अब न माता-पिता रहे,
न रहे वे सुखद दिन।
जैसे चिड़िया उड़ जाती,
सूना कर जाती घर-आँगन,
ऐसे ही छूट गया घर,
बीत गए बचपन के दिन।
इन रचनाओं को भी पढ़ें
मुसाफ़िर
बचपन के दिन
खुला आकाश दो उड़ने का
इंसान और जीव-जंतु
वो नीली डायरी और अहसास
महात्मा ज्योतिराव फुले : सामाजिक क्रांति के अग्रदूत
जीवन के ये अनमोल रिश्ते…
पलाश के फूल
मुन्ना से कीर्ति राणा-7
थोड़ी देर और ठहर जाओ

मां ,बेटी का खुबसूरत रिश्ता