gulmohar

वो नीली डायरी और अहसास

पुरानी नीली डायरी के पन्नों में संजोई कॉलेज की सहेली और दोस्ती की यादें। कुछ यादें पुरानी डायरियों में नहीं, दिल के पन्नों में हमेशा जीवित रहती हैं।

पद्मा मिश्रा, जमशेदपुर

दीपावली की सफाई करते समय धूल खाती ऊपरी मंजिल की एक अलमारी में मिल गई मेरी वो नीली डायरी… मेरे कॉलेज के दिनों की डायरी, जब मैं रोज की घटनाओं को उसमें अंकित करती थी। यहाँ तक कि सहेलियों से हुए लड़ाई-झगड़े भी और बच्चों की तरह उल्लास में डूबे पलों की अनमोल यादें भी।

मैंने झट से डायरी उठाई और बड़े मनोयोग से उसकी धूल साफ की। उसे सँभालकर रखते हुए मन बार-बार भटक रहा था, पर सोचा कि रात में इत्मीनान से पढ़ूँगी।

रात को सब कामों से फुर्सत पाकर घर के लिए नए पर्दे सिलने के बहाने ऊपर के कमरे में आ गई। धड़कते दिल से कुछ पन्ने पलटे। बेहद पुराने और गल चुके पन्नों में भी मेरी सुंदर लिखावट पहचान में आ रही थी। एक पन्ने पर जाकर मेरी नजर अटक गई…

दो जून, दोपहर दो बजे

शुक्ल सर के आने में देर है अभी। मैं और दुर्गेश दोनों कॉमन रूम में आकर बैठे ही थे कि कक्षा प्रतिनिधि कल्पना ने आकर बताया कि तुम दोनों को सर बुला रहे हैं, पर हमारी बातें थीं कि खत्म ही नहीं हो रही थीं। हम टालते रहे। अंततः दस मिनट देर से कक्षा में पहुँचे।

शुक्लाजी ने घूरकर देखा और पिछली क्लास के नोट्स के आधार पर सबसे सवाल पूछने लगे। मैं तैयार थी और बहुत-सी लड़कियाँ भी सवालों के जवाब दे रही थीं। ग्यारहवीं कक्षा में भी उस समय स्कूल जैसा ही अनुशासन और मर्यादा होती थी।

दुर्गेश के पास जवाब देने के लिए कुछ नहीं था। मुझे सवालों के जवाब देते हुए देखकर वह चकित थी। धीरे से पूछा, “तुझे कैसे मालूम? तुमने मुझे तो ये नोट्स दिए नहीं। मैं उस दिन आई नहीं थी।”

अब मेरा दिमाग घूम गया और याद आया कि मैंने सचमुच उसे नोट्स नहीं दिए थे। जैसे कि हम दोनों में एक अघोषित समझौता था कि एक-दूसरे की अनुपस्थिति में हम नोट्स दिया करेंगे और मैंने अपना वादा तोड़ दिया था।

पूरी क्लास के सामने उसकी स्थिति खराब थी और ऊपर से शुक्ला सर ने उसे क्लास से बाहर जाने के लिए कह दिया। वह आँखों में आँसू भरे बाहर निकल गई थी और वहाँ से सीधे घर।

10 जून, सुबह दस बजे

दुर्गेश आज भी कॉलेज नहीं आई थी। मुझे बहुत बुरा लग रहा था। शाम को जब उसके घर गई तो पता चला कि दुर्गेश गोरखपुर चली गई है, अपने मामा के घर। वहीं पढ़ाई करेगी और आंटी-अंकल फैजाबाद में अपनी नई पोस्टिंग पर चले गए हैं।

मैं तो अवाक और हतप्रभ रह गई। उसने मुझे माफी माँगने का भी मौका नहीं दिया और संयोग भी कैसा कि दोबारा मुलाकात भी नहीं हुई।


17 सितंबर

परीक्षाएँ नजदीक थीं। पढ़ाई में मेहनत करती थी, पर वह उत्साह अब नहीं रहा। दुर्गेश से मिलने और माफी माँगने की इच्छा अधूरी रह गई। उस जमाने में आज की तरह मोबाइल तो होते नहीं थे कि दुर्गेश का हालचाल पूछ पाऊँ।

परीक्षाएँ समाप्त हुईं। मैं पास भी हो गई, परंतु अपनी सखी के साथ इस सफलता का जश्न मनाने का उत्साह कुछ और ही होता।

फरवरी, 7

बारहवीं में एडमिशन के तुरंत बाद मेरे पिताजी का स्थानांतरण हमीरपुर, बुंदेलखंड के डिग्री कॉलेज में हो गया और हमें सपरिवार वहाँ जाना पड़ गया। घर में मेरे विवाह की तैयारियाँ शुरू थीं। टाटा स्टील में अच्छे पद पर कार्यरत लड़का मिलने का मौका गँवाए बिना मेरे चाचाजी ने विवाह तय कर दिया और मैं सोलह वर्ष की उम्र में जमशेदपुर आ गई।

नया माहौल, नया परिवेश, नए लोग और मैं अकेली… अपनी सखी को याद करती रही।

आज तो गूगल है, इंटरनेट है, पर उस जमाने में हमें ये सुविधाएँ नहीं थीं। अचानक एक दिन पोस्टमैन ने तार दिया कि ‘Coming Soon’… उसके बाद न कोई अता-पता, न नाम। भेजने वाले के नाम को वर्षा की बूँदों ने धो दिया था और मैंने वह पत्र उठाकर डायरी में रख दिया। उसमें कोई नंबर था, पर मैंने ध्यान नहीं दिया।

फरवरी, 15

मैं गृहस्थी की आपाधापी में बस उस पत्र भेजने वाले को याद कर रही थी। पता नहीं कौन है, क्यों आ रहा है। सात दिन तो हो गए, आएगा भी या नहीं?

सुबह की चाय बनाने ही जा रही थी कि किसी ने पीछे से आकर मेरी आँखें बंद कर दीं और हाथ से चाय का बर्तन छीन लिया। खुद चाय गैस पर चढ़ा दी। तभी मुझे पति ने आवाज दी और मैं उधर चली गई। बार-बार पीछे मुड़कर देखती कि कौन है, पर बाहर से कुछ दिखाई नहीं दे रहा था।

ड्राइंग रूम में एक युवक हँस-हँसकर बातें कर रहा था। परिचय मिला कि पति के तकनीकी कॉलेज के दोस्त हैं और मेरे घर सपत्नीक आए हैं।

ओह, तो वह उनकी पत्नी है!

मैं दंग रह गई थी। ये अपरिचित हैं, फिर भी इतनी आत्मीयता क्यों दिखा रही हैं?

तभी ट्रे में चाय के कप, नमकीन और बिस्कुट सजाए जिस युवती ने प्रवेश किया, वह दुर्गेश थी!!!

मेरी दुर्गेश… मेरी अपनी दुर्गेश!!!

आँसू मेरी आँखों से लगातार बहते जा रहे थे। वह भी रो रही थी। पूरा परिवार इस महामिलन से भावविह्वल था। अंततः वर्षों बाद हम मिले।

वह मेरी सखी से आखिरी मुलाकात थी…

अप्रैल, 12

आज मनहूस अप्रैल की बारह तारीख है, जब सूचना मिली है कि दुर्गेश नहीं रही!!!!!!!

एक कार दुर्घटना में वह सपरिवार…


4 अक्टूबर

डायरी के लगभग बीस पन्ने खाली थे। उसके बाद कविताएँ थीं। बस, फिर कभी डायरी नहीं लिखी।

आज अचानक मिली इस डायरी ने अपनी सखी से मिलवाया था मुझे। मैं उसे छाती से लगाए, उसके होने के अहसास को महसूस कर रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *