पवन तिवारी के उपन्यास पतिव्रता वेश्या की पुस्तक समीक्षा

पल्लवी रानी, मुंबई
साहित्यकार एवं उपन्यासकार आदरणीय श्री पवन तिवारी जी का उपन्यास ‘पतिव्रता वेश्या’ दो विपरीत धाराओं को जोड़कर सृजित की गई एक ऐसी कृति है, जो आपको नारी सम्मान और नारी शक्ति के अर्थ को समझने का एक सशक्त दृष्टिकोण प्रदान करती है।
या यूँ कहा जाए कि सामाजिक नीति और नैतिकता की घोषित अवधारणाओं को उनकी वास्तविकता से परिचित कराकर पाठक को आत्ममंथन करने के लिए प्रेरित करती है।
पवन तिवारी जी द्वारा लिखे गए उनके पूर्व उपन्यास, जैसे ‘त्यागमूर्ति हिडिंबा’, ‘विद्रोही शुक्राचार्य’ या ‘अठन्नी वाले बाबूजी’, सभी ने जिस तरह अपने पाठकों के हृदय में एक विशेष पहचान बनाई है, ‘पतिव्रता वेश्या’ भी अपनी विशेष विषयवस्तु और सरल किंतु हृदयस्पर्शी रचनात्मक शैली के कारण अपने प्रथम पृष्ठ से ही पाठक को रोचक तरीके से बाँधना शुरू कर देती है।
मुंबई की तीन स्त्री रचनाकारों को समर्पित यह पुस्तक लेखक के 28 वर्षों के अनुभव और उनके जीवन संघर्ष को दर्शाती है। जैसा कि लेखक ने स्वयं भी कहा है, ‘यह पुस्तक मानवीय संवेदना और सामाजिक विद्रूपता की अलहदा कहानी है।’
सर्वप्रथम इस उपन्यास के विषय पर बात करें तो, मैंने आरंभ में ही बताया, दो विपरीत सामाजिक धाराओं को एक साथ लाकर बात करना, वह भी न केवल उसके सम्मान को बरकरार रखते हुए, बल्कि सम्मान के शाब्दिक अर्थ को उसकी सार्थकता प्रदान करना। यह लेखक की तीक्ष्ण रचनाशीलता को दर्शाता है।

कल्पनाशक्ति और वास्तविकता का बेजोड़ मिश्रण पुस्तक को एक मजबूत आधार प्रदान करता है।
रचनात्मक शैली की बात की जाए तो जो भी पाठक उनकी अन्य पुस्तकें पढ़ चुके हैं, वे तो अच्छी तरह वाकिफ हैं उनके लेखन कौशल से। किंतु जो नए पाठक हैं, उनके लिए भी भाषा जितनी सरल और सहज है, रचनात्मकता उतनी ही खूबसूरत।
उदाहरण के तौर पर, कहानी की शुरुआत का ही एक दृश्य, जहाँ ‘राणा जी अटारी की सीढ़ियाँ चढ़ रहे हैं। सीढ़ियाँ भी अपनी संवेदनाओं के साथ आपसे संवाद करती हुई प्रतीत होती हैं।’ किसी कहानी का आपकी आँखों के सामने जीवंत होने का इससे अच्छा उदाहरण और क्या हो सकता है।
इस पुस्तक में लेखक की ‘मन की बात’ से लेकर कहानी के मध्य भी कई जगहों पर लेखक के वास्तविक जीवन का संघर्ष उद्धृत हुआ है। जीवन की पीड़ाओं को समाज द्वारा निर्धारित अव्यावहारिक नीतियों से पीड़ित मन को जोड़कर लिखे गए इस उपन्यास की कहानी अपने हर पड़ाव पर आपको सोचने को विवश कर देती है कि, ‘सम्मान की सार्थकता क्या केवल शब्दों तक सीमित है?’
स्त्री को देवी बनाकर मंदिर में पूजने से लेकर नारी शक्ति को सहनशीलता और जिम्मेदारियों की प्रतिमूर्ति बना देने तक, समाज यह क्यों भूल जाता है कि ‘स्त्री भी एक जीवित इंसान है। उसकी भी भावनाएँ हैं। किसी भी नारी को देवी बनाकर उसकी पूजा करने से पहले एक इंसान समझा जाना चाहिए।’
इस उपन्यास में कई ऐसे प्रभावशाली दृश्य हैं, जहाँ स्त्री और पुरुष के पारस्परिक संबंधों में एक-दूसरे का सम्मान और एक-दूसरे की पीड़ा को समझने का दृष्टिकोण जीवन यात्रा के पथ पर तमाम अड़चनों से लड़ते हुए कहानी को सुखद परिणाम तक पहुँचाते हैं।
इस उपन्यास की एक और रचनात्मक सुंदरता देखिए। कहानी की नायिका नायक की पीड़ा सुनकर कहती हैं, ‘ज़हर को पीना और गले में रोके रखना महान कला है, राणा साहब!’
वहीं एक और भाव को चित्रित करते हुए जब लेखक कहते हैं कि, ‘वेदना की भाषा में जैसी करुणा, आकर्षण और तरलता होती है, वैसी सृष्टि की किसी भाषा में नहीं होती।’
‘पतिव्रता वेश्या’ समाज के एक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व और समाज द्वारा चरित्रहीन करार दी गई एक वेश्या के पतिव्रत धर्म की कहानी है। इसे पढ़ते हुए एक बार तो आप अवश्य ही सोचेंगे कि, ‘चरित्र के निर्धारण में क्या सिर्फ वह महिला दोषी है, जिसे समाज वेश्या कहता है या वह पुरुष भी, जो उन अटारियों पर जाकर ‘वेश्या’ शब्द को अर्थ प्रदान करते हैं!’
वहीं राणा जी की कहानी स्त्रियों की चारित्रिक वचनबद्धता पर भी सवाल खड़े करती है।
कहानी के मध्य ही पाठक उपन्यासकार पवन तिवारी के साथ ही कवि पवन तिवारी जी से भी रूबरू होते हैं, जब उनकी कविता की पंक्तियाँ कहानी के पात्रों की अभिव्यक्ति का माध्यम बनती हैं।
जीवन की पीड़ाओं को विविध रंगों में समेटे यह कहानी अपने प्रथम पृष्ठ से अंतिम पृष्ठ तक की यात्रा में जब सुखद मोड़ तक पहुँचती है, तो अनायास ही पाठक के हृदय में भी संतुष्टि और होंठों पर मुस्कान उभर आती है। और इस तरह आपकी सोच को सार्थक दृष्टिकोण प्रदान करती हुई ‘पतिव्रता वेश्या’ अपने पाठकों के हृदय को तीक्ष्णता के साथ स्पर्श करती है।
पुस्तक अमेज़न पर उपलब्ध है। स्वयं को एक अच्छी पुस्तक पढ़ने से वंचित न रखें।

Nicely written ❤️🌹