
प्रस्तुति-सुरेश परिहार (कीर्ति राणा की पुस्तक “किस्से कलमगिरी के” से)
यह कहानी एक ऐसे जांबाज पत्रकार की है, जिसने अपनी पत्रकारिता में कामरेडी अंदाज कभी नही छोड़ा.. वह इंदौर का कल का मुन्ना..आज शहर नहीं देश का एक अच्छे पत्रकारों में शुमार है यह कहानी उसी की जुबानी है. मुन्ना कैसे पत्रकार कीर्ति राणा बना. घटना, देशकाल वातावरण सभी उन्हीं की पुस्तक किस्से कलमगिरी से लिए गए हैं. (कीर्ति राणा की किताब किस्से कलमगिरी के पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी. ऐसा मेरा विश्वास है)
पुस्तक का यह संपादित अंश है. पूरा आर्टिकल किस्से कलमगिरी के में है.
एक आदेश ने बदल दी जिंदगी: तत्काल प्रभाव से उज्जैन ट्रांसफर
साल 2001 के आसपास की बात है। दैनिक भास्कर में कंप्यूटर पर खबरें टाइप करना अनिवार्य हो गया था। मेरी टाइपिंग की गति दूसरे साथियों के मुकाबले कम थी। उसी दिन मांगलिया में बीपीसीएल डिपो से पेट्रोल-डीजल चोरी के मामले में तथ्यों की पड़ताल करके लौटा था। खबर पहले भेजकर घर खाना खाने जाने का इरादा था। लेकिन दफ्तर पहुंचते ही रुमनी घोष ने एक कागज मेरी ओर बढ़ा दिया।
उन्होंने पूछा, “सर, ये आपका ट्रांसफर ऑर्डर है। आप ज्वाइन करेंगे?”
आदेश पर एमडी सुधीर अग्रवाल के हस्ताक्षर थे। लिखा था कीर्ति राणा को तत्काल प्रभाव से उज्जैन और शशींद्र जलधारी को ग्वालियर ब्यूरो चीफ के पद पर स्थानांतरित किया जाता है। दोनों अगले दिन से दस दिन के अवकाश पर रहेंगे, ताकि नई जगह ज्वाइन करने की तैयारी कर सकें।
मैंने आदेश पढ़ा, मेज पर रखा और कंप्यूटर चालू करने लगा। रुमनी को मेरे सहज व्यवहार पर आश्चर्य था। उन्हें शायद उम्मीद थी कि मैं विरोध करूंगा या नौकरी छोड़ने की बात कहूंगा। लेकिन मेरा जवाब था, “नौकरी करना है तो जाना पड़ेगा।”
इंदौर के पत्रकारिता जगत में उन दिनों नईदुनिया के शशींद्र जलधारी और दैनिक भास्कर के सिटी चीफ के रूप में मेरी पहचान थी। हम साथ खबरें कवर करते, प्रेस क्लब चुनाव में भी साथ रहे थे। जलधारी अध्यक्ष और मैं महासचिव चुने गए थे। हमारे चुनाव मार्गदर्शकों में दैनिक दोपहर के विद्याधर शुक्ला और फ्री प्रेस के एसआर सिंह शामिल थे।
एक बार सांवेर में तुलसी सिलावट के चुनाव प्रचार के लिए माधवराव सिंधिया की सभा कवर करने हम साथ गए थे। लौटते समय मैंने जलधारी से कहा था, “यार, तुम भास्कर में आ जाओ। कहो तो श्रवणजी से बात करूं?”
उन्होंने जवाब दिया, “भास्कर में दम नहीं है नाइयो, चाय की दुकानों पर पढ़ा जाने वाला अखबार है। नईदुनिया का मुकाबला नहीं कर सकता।”
मैं चुप हो गया। उसी सभा की खबर में मेरा शीर्षक था—‘तुलसी के आंगन में माधव’, जो पाठकों की जुबान पर चढ़ गया था।
सभा के अगले दिन संपादक श्रवण गर्ग जलधारी को लेकर सिटी डेस्क पर आए और घोषणा की, “जलधारीजी आज से सिटी इंचार्ज होंगे। आप इन्हें रिपोर्ट करेंगे।” मैंने सहजता से उनका स्वागत किया और टीम को नए इंचार्ज से परिचित करा दिया।
छह-आठ महीने बाद एक शाम श्रवणजी ने मुझे अपने केबिन में बुलाया। कुछ देर चुप रहने के बाद बोले, “यार, इस जलधारी का क्या करें? सरकारी प्रेस नोट और भटैती के अलावा खबरें देता ही नहीं है।”
मैंने उन्हें सांवेर से लौटते समय हुई बातचीत याद दिलाई। वे आश्चर्य से मेरा चेहरा देखते रहे। बोले, “तुमने उसी दिन क्यों नहीं बताया?” मैंने कहा, “तब आपको लगता कि सिटी इंचार्ज का पद छिनने की वजह से मैं ऐसा कह रहा हूं।”
कुछ महीनों बाद हम दोनों के तबादले के आदेश जारी हो गए।
उस रात करीब साढ़े दस बजे घर पहुंचकर मैंने मां, पत्नी और बच्चों को आदेश सुनाया। मां ने तबादला करने वालों को बदुआएं देना शुरू कर दिया। पत्नी और बच्चों की एक ही राय थी. नौकरी छोड़ दीजिए।
मैंने बैंक की पासबुक मंगवाई। बच्चों से स्कूल की फीस, घर का खर्च और राणीसती वाले फ्लैट की बैंक किस्त जोड़ने को कहा। जमा रकम से खर्च घटाकर उन्हें समझाया कि नौकरी छोड़ने पर भी तीन महीने घर चल सकता है। इस बीच दूसरी नौकरी मिल सकती है।
बहस के बाद परिवार ने ही कहा, “आप तो उज्जैन ज्वाइन कर लो। ग्वालियर जितना दूर भी नहीं है।”
मैंने स्पष्ट किया कि रोज आना-जाना संभव नहीं होगा; रात में काम कब खत्म हो, तय नहीं रहता। आखिरकार सब राजी हो गए। परिवार को समझाकर मैंने आधी लड़ाई उसी रात जीत ली थी।
अगले दिन से मैंने इंदौर कार्यालय जाना बंद कर दिया। उधर जलधारी श्रवण गर्ग और कल्पेश याग्निक से मिलने के लिए चक्कर लगाते रहे। उन्हें आश्वासन मिलता रहा कि पहले ग्वालियर ज्वाइन कर लें, एक महीने में इंदौर वापस बुला लिया जाएगा।
मैंने भी तय कर लिया था कि पहले अकेला उज्जैन जाऊंगा, फिर परिवार को ले जाऊंगा। मित्रों और परिचितों को इस तबादले में राजनीति की गंध आती थी। मुझे भी लगने लगा था कि जब कोई कर्मचारी अपने काम और व्यवहार के कारण संस्थान से बड़ा दिखाई देने लगे, तो प्रबंधन के पास उसके पर कतरने के रास्ते निकल आते हैं। आखिर यह सिर्फ दो पत्रकारों का तबादला नहीं था। यह उस दौर की पत्रकारिता, अखबारी सत्ता, पेशेवर संबंधों और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच लिए गए एक फैसले की कहानी थी, जिसमें एक आदेश ने जिंदगी की दिशा बदलने की चुनौती सामने रख दी थी।

किस्से कलमगिरी के पुस्तक के मूल लेखक कीर्ति राणा (वरिष्ठ पत्रकार, इंदौर)

राणाजी की मौलिक प्रस्तुति स्तुत्य हैं।
bahut umda