रामघाट मार्ग चौड़ीकरण की शुरुआत, मकानों का हटाना शुरू

रामघाट रोड पर चल रहा चौड़ीकरण कार्य और मकानों की तोड़फोड़

सिंहस्थ की तैयारी तेज, 15 मीटर चौड़ा होगा रास्ता, श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत

उज्जैन। रामघाट जाने वाले प्रमुख मार्ग पर चौड़ीकरण कार्य के तहत तोड़फोड़ की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस सड़क को 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है, ताकि पर्व और विशेष अवसरों पर रामघाट पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

हरसिद्धि पाल से रामघाट तक के इस महत्वपूर्ण मार्ग का कायाकल्प 4 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। सड़क चौड़ी होने से सिंहस्थ के दौरान रामघाट पर उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के आवागमन में सुगमता आएगी और यातायात का दबाव भी कम होगा। शनिवार को नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्रभावित मकानों का मलबा तुरंत हटाया जाए, ताकि कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। साथ ही रामघाट क्षेत्र में किए गए अस्थायी अतिक्रमणों को भी हटाने के निर्देश दिए गए।

आयुक्त ने बताया कि प्रशासन का लक्ष्य है कि सिंहस्थ से पहले सभी प्रमुख संपर्क मार्गों को चौड़ा कर श्रद्धालुओं के लिए सुगम और बाधारहित मार्ग तैयार किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *