सिंहस्थ में पार्किंग व्यवस्था पर प्रशासन का फोकस

उज्जैन में सिंहस्थ मेले की तैयारियों के तहत बनाए जा रहे पार्किंग स्थल का दृश्य, जहां बड़ी संख्या में वाहनों के लिए व्यवस्थित जगह चिन्हित की गई है और अधिकारी निरीक्षण करते नजर आ रहे हैं.

मक्सी रोड की पार्किंग बदलने की तैयारी

उज्जैन। सिंहस्थ मेले की तैयारियों के तहत प्रशासन ने इस बार पार्किंग व्यवस्था को सबसे अहम प्राथमिकता में रखा है. श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए अलग-अलग मार्गों पर पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर नई योजना बनाई जा रही है.

मंगलवार को प्रशासनिक टीम ने जावरा, गरोठ, आगर और मक्सी रोड पर संभावित पार्किंग स्थलों का दौरा किया. निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि पार्किंग स्थल ऐसे स्थानों पर हों, जहां से श्रद्धालुओं को घाट तक कम दूरी तय करनी पड़े.

जावरा, आगर और गरोठ मार्ग पर चिन्हित किए गए पार्किंग स्थल प्रशासन को उपयुक्त लगे हैं. इन स्थानों से सिद्धवट पुल, अंगारेश्वर घाट और मंगलनाथ घाट तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को लगभग 2 से 3 किलोमीटर ही चलना पड़ेगा, जो प्रशासन की योजना के अनुरूप है.

वहीं मक्सी रोड की मौजूदा पार्किंग व्यवस्था को लेकर चिंता जताई गई. यहां श्री सिंथेटिक्स की खाली जमीन पर पार्किंग की व्यवस्था रहती है, लेकिन इस स्थान से घाटों की दूरी 6 से 8 किलोमीटर होने के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी हो सकती है.

इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन अब लालपुर-धतरावदा क्षेत्र में नई पार्किंग विकसित करने पर विचार कर रहा है. प्रस्तावित स्थल से त्रिवेणी और प्रशांति घाट तक दूरी 3 से 5 किलोमीटर के बीच रहेगी, जिससे श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी.

प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि पार्किंग से घाट तक की दूरी न्यूनतम रखी जाए, ताकि सिंहस्थ में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित सुविधा मिल सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *