Live Wire News literary portal with Gulmohar and Rajnigandha flowers

उज्जैन रेलवे स्टेशन पर साइलेंट अटैक से बुजुर्ग की मौत

प्लेटफॉर्म पर इंतजार के दौरान गिरे

उज्जैन। साइलेंट अटैक के बढ़ते मामलों के बीच सोमवार को एक और घटना सामने आई, जहां ट्रेन का इंतजार कर रहे एक बुजुर्ग यात्री की अचानक मौत हो गई. यह घटना प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर हुई, जहां इंदौर जाने के लिए खड़े यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ी और वह प्लेटफॉर्म पर ही गिर पड़े.

जीआरपी थाना के जांच अधिकारी दयाशंकर के अनुसार मृतक की पहचान 66 वर्षीय मोतीलाल खत्री, निवासी लालपुरा, राजबाड़ा (इंदौर) के रूप में हुई है. वह उज्जैन में अपने रिश्तेदार के यहां आए थे और सोमवार शाम करीब 5 से 5.30 बजे के बीच वापस इंदौर लौटने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें अचानक अस्वस्थता महसूस हुई और वह गिर गए.

घटना के बाद वहां मौजूद यात्रियों ने तुरंत जीआरपी को सूचना दी. पुलिस ने बिना देर किए उन्हें रेलवे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसी दौरान मृतक के मोबाइल पर उनके बेटे का फोन आया, जिसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही परिजन रात में ही उज्जैन पहुंच गए.

मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. डॉक्टरों के अनुसार मौत का कारण साइलेंट अटैक है. बताया गया है कि मोतीलाल खत्री बिजली विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे.

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि साइलेंट अटैक जैसे मामलों में समय पर लक्षण पहचानना कितना जरूरी है, क्योंकि बिना किसी स्पष्ट चेतावनी के ऐसे हमले जानलेवा साबित हो रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *