सांप से न डरो, जानो उसे: पुणे की दादी बनी जागरूकता की मिसाल
एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने सांप को लेकर समाज में फैले डर और भ्रांतियों को तोड़ते हुए ऐसा साहसिक कदम उठाया कि पूरा इंटरनेट देखता रह गया। पुणे जिले के एक गांव की शकुंतला सुतार ने अपने घर में घुसे एक अजहरी (धामन) सांप को न सिर्फ बेधड़क उठाया, बल्कि उसे गले में डालकर लोगों को जागरूक करने का संदेश भी दिया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें शकुंतला सुतार सांप को सहजता से उठाते और उसके साथ पूरी निडरता से व्यवहार करते नजर आ रही हैं। उनकी इस पहल का उद्देश्य स्पष्ट था – लोगों को यह बताना कि हर सांप जहरीला और खतरनाक नहीं होता।
उनके बेटे गणेश सुतार ने बताया, “मां ने इसलिए सांप को खुद उठाया क्योंकि वह जानती थीं कि यह ज़हरीला नहीं है। वह चाहती थीं कि लोग समझें कि हर सांप से डरना जरूरी नहीं।”
धामन या चूहा पकड़ने वाला यह सांप गैर विषैला होता है और मनुष्यों के लिए हानिकारक नहीं है। यह प्रजाति खेतों और गांवों में चूहों की संख्या नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाती है।
शकुंतला सुतार की इस पहल ने न केवल गांव में, बल्कि पूरे देश में जागरूकता की नई लहर शुरू कर दी है। उम्र को मात देकर उन्होंने जो संदेश दिया है, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है।

सुरेश परिहार, संपादक, लाइव वॉयर न्यूज, पुणे
