
सुरेश परिहार, संपादक, लाइव वॉयर न्यूज
हैदराबाद।
विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर 10 जनवरी 2026 को हैदराबाद में प्रेरणा हिंदी प्रचारिणी सभा एवं एस.एच.एम.वी. फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित त्रिभाषी अधिवेशन, कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में नागपुर की वरिष्ठ साहित्यकार सौ. मेघा मनोज अग्रवाल को त्रिभाषा अधिवेशन साहित्य सम्मान से सम्मानित किया गया।
इस गरिमामय समारोह में संस्थापक आचार्य संगम त्रिपाठी द्वारा मेघा अग्रवाल को यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में डॉ. रावी नूतला शशिधर, तेलुगु वक्ता आचार्य कसी रेड्डी वेंकट रेड्डी (पूर्व अध्यक्ष, तेलुगु विभाग, उस्मानिया विश्वविद्यालय), संस्कृत वक्ता चिलकर्मरी लक्ष्मीनाथ आचार्य (अध्यक्ष, संस्कृत भारती ट्रस्ट, तेलंगाना), हिंदी वक्ता गजेंद्र पाठक (सीनियर प्रोफेसर एवं अध्यक्ष, हिंदी विभाग, हैदराबाद) सहित अनेक गणमान्य विद्वान उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन से हुआ। सरस्वती वंदना स्वर देवी सीमा शर्मा ‘मंजरी’ (मेरठ) ने प्रस्तुत की। कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रदीप मिश्र ‘अजनबी’ (दिल्ली) ने किया।
इस अवसर पर डॉ. दुर्गेश नंदिनी (हैदराबाद), राकेश मणि त्रिपाठी (पनवेल), अनिल राही (ग्वालियर), सुहास भटनागर (हैदराबाद), अजय कुमार पाण्डेय (हैदराबाद), नूतला शशिधर रवि, अनिता मिश्रा दुबे, कृष्ण कुमार द्विवेदी (नागपुर), बालकृष्ण महाजन (नागपुर), मेघा अग्रवाल (नागपुर), राजेंद्र कुमार रुंगटा (बिलासपुर), सत्य प्रसन्न, अंजलि मिश्रा तिवारी (बस्तर), कमलेश्वर नागेश्वर राव, सोनिया नायडू (दुर्ग, छत्तीसगढ़), नरेंद्र कल्याणकर, अवनीश कुमार शुक्ला सहित अनेक कवि-कवयित्रियों व साहित्यकारों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने हिंदी, तेलुगु और संस्कृत तीनों भाषाओं में अपने विचार प्रस्तुत किए तथा कवियों ने काव्यपाठ से श्रोताओं को भावविभोर किया। सभी अतिथियों एवं प्रतिभागी कवियों को सम्मानित किया गया।
सम्मान ग्रहण करने के उपरांत मेघा अग्रवाल ने “हिंदी राष्ट्र की भाषा बननी चाहिए” विषय पर प्रभावशाली काव्यपाठ प्रस्तुत किया, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा। उनके इस सशक्त साहित्यिक योगदान पर नागपुर शहर ने गर्व व्यक्त किया।
समारोह के समापन पर श्री अवनीश कुमार शुक्ला ने सभी अतिथियों, कवियों और श्रोताओं के प्रति आभार प्रकट किया।

Bahut hi prashanshniye prayas