पुणे:
जागतिक आत्महत्या प्रतिबंध दिवस (World Suicide Prevention Day) के अवसर पर पुणे में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने के लिए कैंडल मार्च का आयोजन किया जा रहा है। यह पहल कनेक्टिंग ट्रस्ट और रोटरी क्लब ऑफ पुणे सारसबाग की ओर से की जा रही है। मार्च शनिवार, 13 सितंबर 2025, को शाम 6 बजे संभाजी उद्यान, जंगली महाराज रोड से शुरू होगी।
कैंडल मार्च में शामिल होने के इच्छुक लोग https://bit.ly/candlemarch2025 पर नाम दर्ज करा सकते हैं या कनेक्टिंग ट्रस्ट के इंस्टाग्राम पेज connecting_ngo से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस मार्च में रोटरी क्लब ऑफ पुणे कात्रज, पुणे साउथ, पुणे कोथरूड, पुणे सहवास, पुणे मिडईस्ट, पुणे ईस्ट और पुणे सनराइज जैसे कई रोटरी क्लब सहयोग कर रहे हैं।
कनेक्टिंग ट्रस्ट की गायत्री दामले ने कहा कि आत्महत्या आज समाज के सामने गंभीर समस्या है। कई बार लोग मानसिक पीड़ा, तनाव और अकेलापन व्यक्त नहीं कर पाते और बड़ा कदम उठा लेते हैं। इन्हीं पीड़ाओं को सुनना, सहारा देना और यह संदेश देना कि कोई भी अकेला नहीं है, बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से 2005 में अर्नवाज दमानिया ने कनेक्टिंग ट्रस्ट की स्थापना की थी। पिछले 20 वर्षों में संस्था ने आत्महत्या रोकथाम, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और जीवन बचाने का कार्य किया है, जिसमें हजारों लोगों को सहारा और नई दिशा मिली है।
रोटरी क्लब ऑफ पुणे सारसबाग के अध्यक्ष आशुतोष वैद्य ने बताया कि रोटरी सदस्य, रोटरैक्टर और बड़ी संख्या में युवा इस कैंडल मार्च में भाग लेंगे। यह मार्च न केवल आत्महत्या से अपनी जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि है, बल्कि समाज में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर संदेश देने और संघर्ष कर रहे व्यक्तियों को आशा व सहारा पहुँचाने का प्रयास भी है। वैद्य ने कहा, “एक छोटी सी मोमबत्ती और कुछ कदम किसी की जिंदगी में रोशनी की किरण बन सकते हैं। आओ, हम सब मिलकर इस पहल में शामिल हों और संवेदनशीलता, आशा और सहारा का संदेश फैलाएँ।”
