श्री सुविधिनाथजी जैन मंदिर में होंगे विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम
जैन श्री संघ अध्यक्ष अजय चोरडिया द्वारा समाजजनों से उपस्थित रहने की अपील

सुरेश परिहार, संपादक, लाइव वॉयर न्यूज, पुणे
महिदपुर रोड- जैन समाज के लिए अत्यंत पावन, श्रद्धा एवं भक्ति से परिपूर्ण गुरु सप्तमी महापर्व के अवसर पर महिदपुर रोड स्थित श्री स्थानीय सुविधिनाथ जैन मंदिर में विविध धार्मिक, आध्यात्मिक एवं भक्ति आयोजनों की भव्य श्रृंखला आयोजित की जाएगी. यह महापर्व गुरुदेव राजेंद्र सुरिश्वर जी महाराजा की जन्म तिथि एवं स्वर्गारोहण तिथि (पोष सुदी सप्तमी) के रूप में पूरे जैन समाज द्वारा गहन श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा.
जैन समाज से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को गुरु सप्तमी के पावन अवसर पर कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 6:30 बजे प्रभात फेरी से होगी. प्रभात फेरी में समाज के पुरुष, महिलाएं, युवा एवं बच्चे गुरु भक्ति के भजनों और जयघोष के साथ सहभागी बनेंगे. प्रभात फेरी के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए भातें का आयोजन किया जाएगा. इसके उपरांत प्रातः 10:00 बजे मंदिर परिसर में भक्तांबर पाठ, गुरु इक्कीसा एवं सामूहिक जाप का आयोजन होगा, जिसमें समाजजन एक साथ धर्म आराधना कर पुण्यलाभ अर्जित करेंगे.

दोपहर में 12:39 बजे विजय मुहूर्त में श्री राजेंद्र सुरि गुरुपद महापूजन का भव्य एवं विधिवत आयोजन संपन्न होगा. इस पुण्य अवसर के लाभार्थी रमेशचंद, अमित कुमार एवं अंकेश कुमार कोचर (मावा वाला परिवार) रहेंगे.
महिला मंडल, बहु मंडल की विशेष सहभागिता
गुरु सप्तमी महापर्व को और अधिक गरिमामय बनाने में जैन महिला मंडल की विशेष भूमिका रहेगी. महिला मंडल द्वारा गुरु भक्ति, स्तवन, चौबीसी पाठ एवं विशेष आराधना का आयोजन किया जाएगा, जिसमें महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में गुरु महिमा का गुणगान करेंगी. वहीं बहु मंडल द्वारा युवतियों के लिए भक्ति गीत, गुरु स्मरण एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिससे धार्मिक संस्कारों का भावी पीढ़ी में संचार हो सके. इस कार्यक्रम में युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी. युवाओं द्वारा सेवा कार्य, व्यवस्थाओं का संचालन, अनुशासन एवं सहयोगात्मक गतिविधियों का दायित्व निभाया जाएगा, साथ ही युवाओं में गुरु भक्ति एवं जिन शासन के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जाएगा.
संध्या में महाआरती एवं भक्ति संध्या
दिनभर चले धार्मिक आयोजनों के पश्चात रात्रि 7:30 बजे महाआरती एवं भव्य भक्ति संध्या का आयोजन महिदपुर रोड जैन श्री संघ द्वारा किया जाएगा. भक्ति संध्या में गुरु भक्ति, स्तुति, भजन एवं आध्यात्मिक वातावरण के माध्यम से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करने का प्रयास किया जाएगा.

इस अवसर पर जैन श्री संघ अध्यक्ष अजय चोरडिया ने समाज के समस्त महानुभावों से अपील की है कि वे गुरु सप्तमी के इस पावन पर्व पर आयोजित समस्त कार्यक्रमों में सपरिवार उपस्थित होकर जिन शासन की शोभा में अभिवृद्धि करें एवं धर्मलाभ प्राप्त करें. उन्होंने बताया कि यह गुरुदेव का 199वां जन्मोत्सव है, सन 2027 में 200वां जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा. उक्त जानकारी जैन समाज के मीडिया प्रभारी सचिन भंडारी ने देते हुए बताया कि गुरु सप्तमी महापर्व पर आयोजित ये सभी कार्यक्रम समाज में धर्म, श्रद्धा, एकता एवं आध्यात्मिक चेतना को और अधिक सुदृढ़ करेंगे तथा गुरु भक्ति के भाव को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे.
