चांदी ने रचा नया इतिहास, कीमत 2 लाख 6 हजार पार

सोना 1 लाख 36,500 पर बरकरार

जयपुर.
सोने-चांदी के बाजार में बुधवार को ऐसा तूफान आया कि इतिहास के सभी पुराने रिकॉर्ड टूट गए. चांदी ने पहली बार 2 लाख रुपये का आंकड़ा पार करते हुए 2 लाख 6 हजार रुपये प्रति किलो का ऑल टाइम हाई बना लिया. एक ही दिन में चांदी की कीमत में 9,500 रुपये की जबरदस्त उछाल दर्ज की गई. वहीं सोना भी रिकॉर्ड ऊंचाई पर मजबूती से टिका हुआ है. 24 कैरेट सोना 1 लाख 36 हजार 500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बना हुआ है.

जयपुर सर्राफा कमेटी द्वारा जारी ताजा भाव के अनुसार 22 कैरेट सोना 1 लाख 27 हजार 600 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया है. 18 कैरेट सोने की कीमत 1 लाख 6 हजार 500 रुपये और 14 कैरेट सोना 84 हजार 600 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच चुका है. चांदी रिफाइन की कीमत भी ऐतिहासिक छलांग लगाते हुए 2 लाख 6 हजार रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई है.

सर्राफा कारोबारी राकेश खंडेलवाल के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूती, डॉलर में उतार-चढ़ाव और निवेशकों की बढ़ती रुचि के कारण सोने-चांदी में बंपर तेजी देखने को मिल रही है. चांदी ने जहां सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, वहीं स्टैंडर्ड सोना भी डेढ़ लाख रुपये के करीब पहुंचता नजर आ रहा है.

इस तेजी का सीधा असर बाजार पर दिख रहा है. जहां एक ओर लोग मुनाफा कमाने के लिए पुरानी ज्वेलरी बेच रहे हैं, वहीं नए ग्राहक केवल जरूरत पड़ने पर ही खरीदारी कर रहे हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले कुछ हफ्तों तक बाजार में अस्थिरता बनी रह सकती है, जिसके बाद ही कीमतों में स्थिरता आने की संभावना है.

One thought on “चांदी ने रचा नया इतिहास, कीमत 2 लाख 6 हजार पार

  1. यह तेजी कई के पास जहर खाने के पैसे भी नहीं रखेंगी।
    भगवान करे ऐसा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *