Live Wire News literary portal with Gulmohar and Rajnigandha flowers

खंडाला घाट में ब्रेक फेल ट्रेलर ने मचाई तबाही

24 वाहनों को मारी टक्कर, 4 की मौत, 21 घायल

लोणावला – मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे पर शनिवार दोपहर खंडाला घाट में एक भीषण हादसा हो गया। खोपोली एग्जिट से खालापुर टोल नाके तक के तीव्र ढलान पर एक ट्रेलर के ब्रेक फेल हो गए, जिससे वह लगभग चार किलोमीटर तक बेकाबू होकर 24 वाहनों से एक के बाद एक टकरा गया। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। हादसे के कारण मुंबई की ओर जाने वाला यातायात दो घंटे तक पूरी तरह ठप रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

मृतक महिला की पहचान अनिता सहदेव एखंडे (55 वर्ष, निवासी पाडोळी, धाराशिव) के रूप में हुई है, जो स्कॉर्पियो कार में सवार थीं। घायलों में निरा-सासवड (पुणे) और पाडोळी (धाराशिव) की कई महिलाएं एवं पुरुष शामिल हैं, जिनमें छबाबाई म्हेत्रे, अंजली फरांडे, रेश्मा फरांडे, गौरी फरांडे, प्रीति फरांडे, ऋतुजा ओव्हाळ, निलिमा गोरावखे, वर्षा जगताप, ऋतुजा और अनिकेत फरांडे, सुजाता फरांडे, पुष्पा कुदळे, प्रतिभा झिरमिरे, रविंद्र झिरमिरे, प्रभावती पवार, मिरा क्षीरसागर, जयश्री गुंड, केशरबाई गुरव, शगुन शाह और आशा वर्मा शामिल हैं।

बोरघाट (दस्तुरी) महामार्ग व खोपोली पुलिस के अनुसार, हादसे से पहले घाट में पिछले तीन दिनों से भारी बारिश हो रही थी। शनिवार दोपहर करीब दो बजे एक भारी-भरकम ट्रेलर (MH-46/BU-3506), जो पुणे से मुंबई की ओर लोहे के खंभे (चैनल) लेकर जा रहा था, उसका ब्रेक खोपोली एग्जिट के पास घाट के तीव्र उतार पर फेल हो गया। परिणामस्वरूप चालक का नियंत्रण छूट गया और ट्रेलर ने तेज रफ्तार में आगे चल रहे 24 वाहनों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 22 कारें, एक मिनी टेम्पो ट्रैवलर बस और एक ट्रक शामिल थे। टक्कर में मर्सिडीज बेंज, ऑडी, स्कोडा और एमजी विक्टर जैसी महंगी गाड़ियों को भी भारी नुकसान पहुंचा।

घटना की जानकारी मिलते ही बोरघाट (दस्तुरी) महामार्ग के सहायक पुलिस निरीक्षक स्वप्नील पाटील, खोपोली पुलिस स्टेशन के निरीक्षक सचिन हिरे, सहायक निरीक्षक मनोज ठाकरे तथा अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। साथ ही देवदूत आपत्कालीन पथक, आईआरबी, डेल्टा फोर्स और हेल्प फाउंडेशन (खोपोली) की टीमें भी राहत कार्य में जुट गईं। घायल यात्रियों को तुरंत बाहर निकालकर खोपोली व पनवेल (कामोठे) के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

क्रेन व हाइड्रा की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया, जिससे दो घंटे बाद मुंबई की ओर यातायात सामान्य किया जा सका। खोपोली पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

सुरेश परिहार, संपादक, लाइव वॉयर न्यूज, पुणे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *