मंदिरों की व्यवस्था को संभालने तैयार होंगे प्रोफेशनल

उज्जैन में शुरू हुआ देश का पहला एमबीए टैंपल मैनेजमेंट कोर्स

उज्जैन में शुरू हुआ टैंपल मैनेजमेंट कोर्स

सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय का अनोखा कदम, ग्रेजुएट युवा अब सीख सकेंगे मंदिर प्रशासन और प्रबंधन

उज्जैन। देशभर में मंदिरों की बढ़ती आर्थिक, धार्मिक और प्रशासनिक गतिविधियों को देखते हुए सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय ने एक अनोखी पहल की है। विश्वविद्यालय ने “एमबीए टैंपल मैनेजमेंट” कोर्स शुरू किया है, जिसके लिए आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। यह देश का पहला ऐसा कोर्स माना जा रहा है, जो मंदिरों के पेशेवर प्रबंधन पर केंद्रित है।

विश्वविद्यालय की सतत अध्ययनशाला के अंतर्गत संचालित होने वाले इस दो वर्षीय कोर्स में मंदिर प्रशासन, आर्थिक प्रबंधन, आयोजन व्यवस्था, श्रद्धालु सेवाएं और धार्मिक संस्थानों के संचालन से जुड़े विभिन्न विषय पढ़ाए जाएंगे। कोर्स में प्रवेश के लिए किसी भी विषय में स्नातक होना आवश्यक है, जबकि उम्र की कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है।

विभाग प्रमुख सुशील शर्मा ने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बड़े मंदिरों की व्यवस्था एक बड़े संस्थान की तरह संचालित होती है, ऐसे में प्रशिक्षित और पेशेवर प्रबंधकों की आवश्यकता तेजी से बढ़ रही है।

कोर्स के दौरान विद्यार्थियों को प्रबंधन संबंधी व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। साथ ही विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा, ताकि विद्यार्थी धार्मिक संस्थानों के आधुनिक संचालन की बारीकियों को समझ सकें। विश्वविद्यालय का मानना है कि इस पाठ्यक्रम के बाद रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *