सिंहगढ़ रोड की चढ़ाइयों ने बदली रेस की तस्वीर

Pune Grand Tour 2026 Stage 2 race on Sinhagad Road with cyclists competing for yellow jersey

फिर भी ल्यूक मुडग्वे येलो जर्सी में कायम

सुरेश परिहार, संपादक, लाइव वॉयर न्यूज, पुणे

मराठा हेरिटेज सर्किट की कठिन चढ़ाई और खतरनाक उतारों से भरी सड़कों पर आज साइकिल रेस के प्रतिभागियों की शारीरिक सहनशक्ति, टीमवर्क और साहस की कड़ी परीक्षा हुई। इस चुनौतीपूर्ण मुकाबले में चीन की ली निंग स्टार टीम के ल्यूक मुडग्वे ने एक बार फिर श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए दूसरा चरण अपने नाम किया और येलो जर्सी पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली।

बजाज पुणे ग्रैंड टूर 2026 का दूसरा चरण बुधवार को पुणे जिले में 105.3 किलोमीटर की दूरी में आयोजित किया गया। यह मराठा हेरिटेज सर्किट किलों, तीव्र चढ़ाइयों और उतने ही जोखिम भरे उतारों से होकर गुजरा। दोपहर साढ़े बारह बजे पुणे कैंटोनमेंट स्थित लेडीज क्लब से रेस की शुरुआत हुई, जिसका समापन सिंहगढ़ रोड स्थित नांदेड सिटी गेट पर हुआ। यह चरण साइकिल चालकों की शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक क्षमता की भी कठिन परीक्षा साबित हुआ।

इस कसौटी पर ल्यूक मुडग्वे खरे उतरे। उन्होंने पहला चरण भी जीता था और लगातार दूसरी बार येलो जर्सी हासिल की। महाराष्ट्र के चुनौतीपूर्ण भूभाग में जारी इस रेस में ल्यूक ने अपनी कुल बढ़त बनाए रखी है। हालांकि यह जीत उनके लिए आसान नहीं रही।थाईलैंड की रुजाई इंश्योरेंस विनस्पीड टीम के लैन कार्टर बीटल्स ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि बेल्जियम की टार्टेलेटो–इसोरेक्स टीम के योर्बेन लॉरिसेन तीसरे स्थान पर रहे। लॉरिसेन का यह लगातार दूसरा पोडियम फिनिश रहा।

छह साइकिल चालक एक साथ फिनिश लाइन पर

नियमों के अनुसार, पहले स्थान पर रहने वाले ल्यूक को 10 सेकंड, बीटल्स को 6 सेकंड और लॉरिसेन को 4 सेकंड का बोनस दिया गया। मुकाबला इतना रोमांचक रहा कि शीर्ष छह साइकिल चालकों ने 2 घंटे 31 मिनट 49 सेकंड के समान समय में रेस पूरी की।

स्पेन की बर्गोस बुरपेलेट बीएच टीम के क्लेमेंट एलोनो और जंबालजम्ट्स सेनबायर क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर रहे, जबकि गुआम की यूरोस साइक्लिंग ट्रिप्स–सीसीएन टीम के स्टीफन बेनेटोन छठे स्थान पर रहे। फोटो फिनिश के आधार पर अंतिम क्रम तय किया गया।

सभी प्रतिद्वंद्वी बेहद मजबूत

रेस के बाद ल्यूक मुडग्वे ने कहा-“आज का रास्ता बेहद थकाने वाला था, जिसमें कई चढ़ाई और उतार थे। मैं अंत तक टिके रहने में सफल रहा और एक छोटे समूह से स्प्रिंट करते हुए जीत दर्ज की। यही मेरी ताकत है और खुशी है कि आज मैं इसे दोबारा लागू कर सका। अंतिम चरण में गति बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन सभी प्रतिद्वंद्वी बेहद मजबूत हैं।”

One thought on “सिंहगढ़ रोड की चढ़ाइयों ने बदली रेस की तस्वीर

  1. मुलताई में कुछ बैंक, कुछ शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बिना पार्किंग के संचालित हो रहे हैं, तथा कुछ लोगों ने पार्किंग के लिए जगह बहुत कम दी है। जो वाहन पार्किंग के लिए पर्याप्त नहीं है। इससे ग्राहको को वाहन खड़े करने में बहुत परेशानी होती है। आखिर बिना पार्किंग के बैंक कैसे संचालित हो रहे हैं। ये तो नियमों का उल्लघंन हो रहा है। सड़क किनारे वाहन खड़े करने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। कई बार दुर्घटना तक हो जाती है। सरकारी जमीन पर वाहन खड़े हो रहे हैं । जबकि जिस भवन मे बैंक संचालित होती है उसकी स्वयं की पार्किंग होना जरूरी है। मुलताई में संचालित सभी बैंकों की पार्किंग व्यवस्था की जांच होना चाहिए।
    कुछ बेसमेंट बिना अनुमति के बने हैं। कुछ व्यावसायिक भवनों के नक्शे बिना पार्किंग दिए पास हुए हैं। कुछ लोगों ने सरकारी जमीन पर पक्का अतिक्रमण कर लिया है। जांच होना चाहिए।
    नाम – रवि खवसे
    शहर – मुलताई
    जिला – बैतूल
    राज्य – मध्यप्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *