डॉ. अरुण नेगी की टीम ने बांटी उम्मीद , नि:शुल्क जांच, चश्मे और 25 फरवरी को मोतियाबिंद ऑपरेशन

डॉ.प्रेरणा बुडाकोटी की रिपोर्ट
हनुमंती,-ग्राम सभा सरुड़ा हनुमंती में देवभूमि नेत्र चिकित्सालय, कोटद्वार के तत्वाधान में आयोजित नि:शुल्क नेत्र शिविर ने क्षेत्र में सेवा और मानवता की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की। शिविर का नेतृत्व वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ डॉ. अरुण नेगी ने किया, जिनकी देखरेख में ग्रामीणों की अत्याधुनिक उपकरणों से जांच की गई।शिविर में हनुमंती क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक अपनी आंखों की जांच करवाई। जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां और चश्मे वितरित किए गए, जिससे कई लोगों को तुरंत राहत मिली। ग्रामीणों के चेहरों पर संतोष और खुशी स्पष्ट दिखाई दे रही थी।

जांच के दौरान जिन मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या पाई गई, उन्हें आयुष्मान कार्ड और गोल्डन कार्ड योजना के माध्यम से देवभूमि नेत्र चिकित्सालय, कोटद्वार में आगामी 25 फरवरी को नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए समय प्रदान किया गया। इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
शिविर में ऑप्टम बबीता, सारिका, सुषमा, निकिता और राजेंद्र बेदवाल ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए मरीजों की जांच और पंजीकरण प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन और व्यवस्थाओं में ग्राम प्रधान सरुड़ा हनुमंती श्रीमती पुष्पा देवी का विशेष योगदान रहा। साथ ही मुकेश बड़थ्वाल, जिलाध्यक्ष कोटद्वार (उत्तराखंड क्रांति दल) ने भी सहयोग प्रदान कर इस जनसेवा अभियान को मजबूती दी।
ग्रामीणों ने देवभूमि नेत्र चिकित्सालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह आयोजन केवल एक चिकित्सा शिविर नहीं, बल्कि समाज सेवा और मानवीय संवेदना का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया है।
क्षेत्रवासियों ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इसी प्रकार के शिविर आयोजित होते रहें, ताकि हर जरूरतमंद को समय पर उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।
