
सुरेश परिहार, लाइव वॉयर न्यूज, पुणे
नई दिल्ली. चुनाव आयोग ने रविवार को पश्चिम बंगाल सहित आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी. इस बार पश्चिम बंगाल में मतदान पहले की तरह आठ चरणों में नहीं बल्कि केवल दो चरणों में कराया जाएगा. चुनाव आयोग के इस फैसले से चुनाव प्रक्रिया कम समय में पूरी होने की उम्मीद है.
आयोग के अनुसार पहले चरण के चुनाव के लिए अधिसूचना 30 मार्च को जारी की जाएगी. उम्मीदवार 6 अप्रैल तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे, जबकि नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 9 अप्रैल निर्धारित की गई है. पहले चरण के लिए मतदान 23 अप्रैल को होगा.
दूसरे चरण के लिए अधिसूचना 2 अप्रैल को जारी होगी. उम्मीदवार 9 अप्रैल तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे और 13 अप्रैल तक नामांकन वापस लेने की अनुमति होगी. दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को कराया जाएगा.
चुनाव आयोग ने बताया कि दोनों चरणों की मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4 मई 2026 को मतगणना की जाएगी. इसके साथ ही 6 मई 2026 तक सभी राज्यों में चुनाव प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी.
इस बार चुनाव को दो चरणों में कराने का फैसला प्रशासनिक तैयारी, सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया को अधिक सुचारु बनाने के उद्देश्य से लिया गया है. राजनीतिक दलों ने भी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं और आने वाले दिनों में राज्य में चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है.
