जैन धर्मशाला के बंद कमरे से मिली लाशें, कई दिनों तक किसी को खबर नहीं
राजगीर, नालंदा.
बौद्ध और जैन आस्था के लिए प्रसिद्ध राजगीर की शांत धार्मिक नगरी शुक्रवार को उस वक्त सन्नाटे में बदल गई, जब दिगंबर जैन धर्मशाला के एक कमरे से चार पर्यटकों के शव बरामद किए गए. अंदर से बंद कमरे में दो पुरुष और दो महिलाओं के शव फंदे से लटके मिले. यह दृश्य देखकर पुलिसकर्मी तक स्तब्ध रह गए.यह मामला इसलिए भी चौंकाने वाला है, क्योंकि मृतक न केवल बाहरी राज्य से आए श्रद्धालु थे, बल्कि कई दिनों तक उनके कमरे से कोई हलचल न होने के बावजूद किसी को अनहोनी का अंदेशा तक नहीं हुआ.
बदबू ने खोला मौत का दरवाजा
धर्मशाला के कमरे नंबर 6 एबी से तेज दुर्गंध आने के बाद कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने जब दरवाजा तोड़कर कमरा खोला, तो अंदर चार शव फंदे से झूलते मिले. शुरुआती जांच में कमरा अंदर से बंद पाया गया, जिससे मामला और रहस्यमय हो गया है.
धार्मिक यात्रा पर आए थे चारों
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, चारों मृतक जैन धर्म के अनुयायी थे और धार्मिक यात्रा पर 31 जनवरी को राजगीर पहुंचे थे. 2 फरवरी के बाद उन्हें किसी ने नहीं देखा. धर्मशाला प्रबंधन के मुताबिक, उनके कमरे का दरवाजा कई दिनों तक बंद रहा, लेकिन धार्मिक स्थल होने के कारण किसी ने संदेह नहीं किया.
बेंगलुरु कनेक्शन, पहचान अधूरी
धर्मशाला के इंचार्ज मुकेश जैन के अनुसार, चारों पर्यटक नेपाल घूमने के बाद राजगीर पहुंचे थे. एक मृतक का आधार कार्ड मिला है, जिसमें नाम जी. आर. नाग प्रसाद और पता बेंगलुरु दर्ज है. अन्य तीन की पहचान अभी नहीं हो सकी है. पुलिस उनके परिजनों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
सुरक्षा घेरे में धर्मशाला, फॉरेंसिक जांच जारी
घटना के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है. डीएसपी राजगीर, थानाध्यक्ष और भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद है. फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम कमरे की बारीकी से जांच कर रही है. फंदे की ऊंचाई, कमरे की स्थिति, मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है.
आत्महत्या या कोई गहरी साजिश
पुलिस आत्महत्या, सामूहिक आत्महत्या, मानसिक दबाव, आपसी विवाद या किसी साजिश जैसे सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है. कॉल डिटेल रिकॉर्ड, यात्रा के दौरान संपर्क में आए लोगों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है.
पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का सच
थानाध्यक्ष रमन कुमार सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मौत का सही कारण क्या था और सभी की मौत एक ही समय पर हुई या अलग-अलग.
श्रद्धा के शहर में डर और सवाल
घटना के बाद राजगीर में भय और असमंजस का माहौल है. श्रद्धा और शांति के लिए पहचाने जाने वाले इस शहर में चार लोगों की एक साथ रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. जवाब अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिका है.
