35 देशों के साइकिल सितारों से सजा पुणे

पुणे में बजाज पुणे ग्रैंड टूर 2026 की अंतरराष्ट्रीय साइकिल प्रोलॉग रेस

बजाज पुणे ग्रैंड टूर 2026 की भव्य शुरुआत

28 टीमों के बीच 437 किलोमीटर की खिताबी जंग आज से

सुरेश परिहार, संपादक, लाइव वॉयर न्यूज, पुणे

पुणे, 19 जनवरी -पुणे शहर की मध्यवर्ती सड़कों पर सोमवार को आयोजित बजाज पुणे ग्रैंड टूर 2026 की अंतरराष्ट्रीय साइकिल स्पर्धा की प्रोलॉग रेस को पुणेकरों का जबरदस्त और उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिला. इस प्रोलॉग रेस ने प्रतियोगिता की भव्यता और उसके वैश्विक स्तर के दर्जे को स्पष्ट रूप से रेखांकित किया. दुनिया के 35 देशों की 28 नामी टीमों के 164 अंतरराष्ट्रीय साइकिल खिलाड़ी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं.

सह्याद्री की घाट सड़कों से होकर लगभग 437 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण दूरी तय करते हुए ये खिलाड़ी खिताब के लिए संघर्ष करेंगे. स्पर्धा की रोमांचक शुरुआत के रूप में 7.5 किलोमीटर की प्रोलॉग टाइम ट्रायल रेस सोमवार दोपहर 1.30 बजे शुरू हुई. शहर के नामदार गोपाल कृष्ण गोखले चौक पर पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने पहले प्रतिभागी को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता की आधिकारिक शुरुआत की.

इस अवसर पर पुणे विभागीय आयुक्त डॉ. चंद्रकांत पुलकुंडवार, मनपा आयुक्त नवल किशोर राम, जिला कलेक्टर जितेंद्र डुडी, राज्य क्रीड़ा व युवा कल्याण आयुक्त शीतल तेली उगले, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटिल सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.

प्रोलॉग रेस में साइकिल खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत रूप से एक-एक मिनट के अंतराल से शुरुआत की. यह मास स्टार्ट रेस नहीं थी, बल्कि प्रत्येक खिलाड़ी का व्यक्तिगत समय निर्णायक माना गया. इसी कारण सभी खिलाड़ी बेहतर समय दर्ज कराने के लिए पूरी ताकत से साइकिल चलाते नजर आए. सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी ने 7.5 किलोमीटर की दूरी मात्र 8.05 सेकंड में पूरी की. फर्ग्यूसन रोड, गणेशखिंड रोड और जंगली महाराज रोड जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरते खिलाड़ियों का पुणेकरों ने तालियों और जयघोष के साथ स्वागत किया.

आगामी चरणों में एशिया के 78, यूरोप के 69, जबकि ओशिनिया, अमेरिका और अफ्रीका महाद्वीप के साइकिल खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. भारत की इंडियन डेवलपमेंट टीम भी इस अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में भाग लेकर देश का प्रतिनिधित्व कर रही है.

सुरक्षा की दृष्टि से प्रतियोगिता मार्ग पर लगभग डेढ़ हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी. आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं, एंबुलेंस और तकनीकी सहायता दल भी पूरी तरह तैयार रखे गए थे. यातायात व्यवस्था के लिए विशेष योजना बनाई गई, जिसके तहत संबंधित मार्गों की ओर जाने वाले उपमार्ग सुबह से ही वाहनों के लिए बंद रखे गए.

मंगलवार 20 जनवरी से शुक्रवार 23 जनवरी तक चलने वाली बजाज पुणे ग्रैंड टूर 2026 पुणे और आसपास के क्षेत्रों को खेल, पर्यटन और वैश्विक पहचान के क्षेत्र में नई ऊंचाई देने वाली साबित होगी. यह प्रोलॉग रेस केवल प्रतियोगिता की शुरुआत नहीं, बल्कि पुणे को वैश्विक खेल मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित करने वाला उत्सव भी रही.

2 thoughts on “35 देशों के साइकिल सितारों से सजा पुणे

    1. चांदी की सायकल और सोने की सीट……….🚲🚲🚲🚲♥️♥️♥️

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *