पूज्य साध्वी चरित्रकलाश्रीजी म.सा.ने दिया प्रेरणादायी संदेश
महिदपुर रोड स्थित श्री राजेंद्र सूरी ज्ञान मंदिर में हुआ धर्मसभा का आयोजन

सुरेश परिहार, संपादक लाइव वॉयर न्यूज, पुणे
महिदपुर रोड- महिदपुर रोड स्थित श्री राजेंद्र सूरी ज्ञान मंदिर में शनिवार को आयोजित धर्मसभा में पूज्य साध्वी चारित्र कलाश्री जी महाराज साहब ने जिन शासन के महत्व पर अत्यंत भावपूर्ण और प्रेरणादायी प्रवचन दिया. धर्मसभा में रमेशचंद्र बोथरा, अजय चौरडिया, समरथ चौरडिया, अशोक कोचर, जितेंद्र कोचर, अंशुल कोचर, अनिल कोचर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और साध्वीश्री के ओजस्वी वचनों से आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया.पूज्य साध्वीश्री ने अपने प्रवचन में कहा किएकमात्र जिन शासन ही हमें सच्ची राह दिखाता है. जिनवर तारु शासन आ जगमा महान छे यह केवल एक पंक्ति नहीं, बल्कि जैन धर्म का सम्पूर्ण सार है.

उन्होंने कहा कि जिन शासन हमें यह स्पष्ट रूप से समझाता है कि इस संसार रूपी सागर को पार करने का एकमात्र मार्ग भगवान महावीर स्वामी की शिक्षाएं हैं्.साध्वीश्री ने आगे कहा कि जीवन में जब मनुष्य भटक जाता है, जब चारों ओर से निराशा घेर लेती है और कोई सहारा दिखाई नहीं देता, तब जिन शासन ही हमें सही दिशा दिखाता है. यह शासन न केवल आत्मबल प्रदान करता है, बल्कि हमें धैर्य, संयम और विवेक के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है.उन्होंने बताया कि जिन शासन का उद्देश्य केवल धार्मिक आचरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मा की शुद्धि, सच्चे ज्ञान की प्राप्ति और अंततः मोक्ष की ओर अग्रसर होने का मार्ग प्रशस्त करता है. जिन शासन हमें अहिंसा, सत्य, संयम और तप के माध्यम से जीवन को पवित्र बनाने की शिक्षा देता है.पूज्य साध्वी चारित्र कलाश्री जी म.सा. ने उपस्थित श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे महान जिन शासन के प्रति पूर्ण समर्पण भाव रखें और उसकी शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारकर अपने जीवन को धन्य बनाएं.

उन्होंने कहा कि जब जिन शासन हमारे आचरण में उतरता है, तभी जीवन सार्थक बनता है.धर्मसभा के दौरान श्रद्धालु साध्वीश्री के प्रवचनों में पूरी तरह तल्लीन नजर आए.वातावरण भक्ति, श्रद्धा और शांति से ओतप्रोत रहा. सभा के अंत में मंगल पाठ एवं जयकारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ्.उल्लेखनीय है कि पूज्य साध्वी चारित्र कलाश्री जी म.सा. संध्या समय यहां से आलोट की ओर विहार करेंगी. उनके विहार को लेकर समाजजनों में विशेष उत्साह और श्रद्धा का वातावरण है.इस धर्मसभा की जानकारी जैन समाज के मीडिया प्रभारी सचिन भंडारी ने दी. उन्होंने बताया कि साध्वीश्री के प्रवचनों से समाज में धर्म, संयम और संस्कारों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है तथा ऐसे आयोजन समाज को आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं्.
