मुंबई सेंट्रल मंडल के दो कर्मचारियों को मिला विशेष सम्मान.
मुंबई . पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री विवेक कुमार गुप्ता ने सुरक्षित रेल परिचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 11 कर्मचारियों को मुंबई स्थित पश्चिम रेलवे मुख्यालय में महाप्रबंधक संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया. यह पुरस्कार नवंबर 2025 के दौरान ड्यूटी के समय सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा के चलते संभावित दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रदान किया गया.
पुरस्कार प्राप्त करने वाले कर्मचारी मुंबई सेंट्रल, वडोदरा, रतलाम, अहमदाबाद, राजकोट और भावनगर मंडलों से संबंधित हैं. इस अवसर पर प्रमुख विभागाध्यक्ष भी उपस्थित थे.
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुंबई सेंट्रल मंडल के दो कर्मचारियों श्री सुदाम पाटिल, फिटर और श्री राकेश अशोक घोडीचोर, गुड्स ट्रेन मैनेजर, वसई रोड को रेल परिचालन की संरक्षा से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में उच्च स्तर की प्रतिबद्धता और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया.
18 नवंबर 2025 को नियमित निरीक्षण के दौरान श्री सुदाम पाटिल ने ब्रेक वैन के सेंटर पिवट में टूट-फूट देखी और तुरंत अपने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी. जांच के बाद संबंधित वैगन को आगे की यात्रा के लिए अनुपयुक्त घोषित किया गया, जिससे एक संभावित दुर्घटना टल गई और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई.
इसी प्रकार, 10 नवंबर 2025 को ड्यूटी के दौरान श्री राकेश अशोक घोडीचोर ने ट्रेन का चार्ज लेते समय पाया कि ब्रेक पावर सर्टिफिकेट अमान्य था. साथ ही उन्होंने देखा कि वैगन के अंतिम कंटेनर के ताले लॉक होल से बाहर थे. उन्होंने पूरी ट्रेन का निरीक्षण कर स्थिति की पुष्टि की और वसई रोड उप स्टेशन अधीक्षक को इसकी सूचना दी. समय पर इस खामी का पता चलने से एक बड़ी अप्रिय घटना टल गई.
महाप्रबंधक श्री विवेक कुमार गुप्ता ने पुरस्कार प्राप्त सभी 11 कर्मचारियों की सतर्कता और कर्तव्यपरायणता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कर्मचारी दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत और अनुकरणीय उदाहरण हैं. पश्चिम रेलवे ने भी सभी पुरस्कार प्राप्त कर्मचारियों की त्वरित सोच और सजगता की प्रशंसा की है, जिनके कारण संभावित अप्रिय घटनाओं को रोका जा सका.
