आखिरी वक्त पर सूचना से यात्री परेशान
जयपुर- जयपुर एयरपोर्ट से चेन्नई जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट के अचानक रद्द होने से बुधवार को यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-5362 को ऑपरेशनल कारणों का हवाला देते हुए अंतिम समय पर कैंसिल कर दिया गया. यह फ्लाइट सुबह 9.55 बजे जयपुर से रवाना होकर दोपहर 12.35 बजे चेन्नई पहुंचने वाली थी.
फ्लाइट रद्द होने की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट पर मौजूद यात्री नाराज नजर आए. कई यात्रियों ने बताया कि वे बिजनेस मीटिंग, इलाज और पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए चेन्नई जा रहे थे, लेकिन ऐन वक्त पर फ्लाइट कैंसिल होने से उनका पूरा शेड्यूल बिगड़ गया. यात्रियों का कहना है कि एयरपोर्ट पहुंचने के बाद ही उन्हें फ्लाइट रद्द होने की सूचना दी गई, जिससे उन्हें मानसिक और आर्थिक दोनों तरह की परेशानी झेलनी पड़ी.
इंडिगो एयरलाइंस की ओर से यात्रियों को वैकल्पिक फ्लाइट में बुकिंग या टिकट की पूरी राशि वापस करने का विकल्प दिया गया. हालांकि, आखिरी समय में दूसरी फ्लाइट उपलब्ध न होने के कारण कई यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा और अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ा.
लगातार फ्लाइट कैंसिलेशन और समय-सारणी में बदलाव से यात्रियों में इंडिगो एयरलाइंस के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है. यात्रियों ने एयरलाइंस से बेहतर प्रबंधन और समय पर सूचना देने की मांग की है, ताकि भविष्य में उन्हें इस तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े.
