एक साल के बच्चे ने खेल-खेल में कोबरा को काटा

सांप की मौत, बच्चा सुरक्षित

बेतिया (बिहार).
बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहाँ एक साल के मासूम बच्चे ने कोबरा को खिलौना समझकर काट लिया. नतीजतन सांप की मौत हो गई, जबकि बच्चा बच गया.
जानकारी के अनुसार, बेतिया के मजौलिया इलाके में गोविंदा नामक बच्चा अपने घर में खेल रहा था. तभी लगभग दो फीट लंबा कोबरा घर में घुस आया. बच्चे ने उसे खिलौना समझकर हाथ में उठा लिया और अचानक काट लिया.
बच्चे ने कोबरा को दो टुकड़ों में कर दिया
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बच्चे ने कोबरा को इतने जोर से काटा कि वह दो हिस्सों में बंट गया और मौके पर ही मर गया. घटना के बाद बच्चा बेहोश हो गया, जिसके बाद परिवारजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुँचे.
डॉक्टर बोले खतरे से बाहर
पहले बच्चे को मजौलिया पीएचसी में भर्ती किया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए बेतिया सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा गया. अस्पताल के डिप्टी सुपरींटेंडेंट डॉ. देविकांत मिश्रा ने बताया कि बच्चे में सांप के ज़हर के कोई लक्षण नहीं मिले हैं. फिलहाल उसका इलाज जारी है और वह खतरे से बाहर है. स्थानीय लोग मानते हैं कि सांप बच्चे के बहुत करीब आ गया था, जिस पर बच्चे ने सहज प्रतिक्रिया स्वरूप यह कदम उठाया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *