मुंबई, 23 जुलाई – मध्य रेल्वे के महाव्यवस्थापक श्री धर्मवीर मीना ने मंगलवार को भायखळा स्थित सिग्नल और टेलिकॉम प्रशिक्षण संस्था का निरीक्षण किया और प्रशिक्षणार्थियों के लिए नवनिर्मित जयगढ़ वसतिगृह (छात्रावास) का उद्घाटन किया।
जयगढ़ छात्रावास में 36 सुसज्ज कक्ष हैं, जिनमें 144 प्रशिक्षणार्थियों के निवास की सुविधा है। इस भवन में व्यायामशाला, मनोरंजन कक्ष, भोजन कक्ष और वाई-फाई जैसी आधुनिक सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई गई हैं।
उल्लेखनीय है कि सिग्नल और टेलिकॉम प्रशिक्षण संस्था, भायखळा – सिग्नल एवं टेलिकॉम कार्यशाला का अभिन्न अंग है। यह संस्था वर्ष 1968 में स्थापित की गई थी और यहाँ प्रतिवर्ष मध्य रेल्वे और पश्चिम मध्य रेल्वे ज़ोन के लगभग 1500 प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न तकनीकी प्रशिक्षण दिए जाते हैं। इन पाठ्यक्रमों में प्रारंभिक अप्रेंटिस कोर्स, फाउंडेशन कोर्स, रिफ्रेशर कोर्स, विशिष्ट उपकरण कोर्स और ‘कवच’ प्रशिक्षण शामिल हैं।
इस अवसर पर श्री मनिंदर उप्पल (प्रधान मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता), श्री अमरेन्द्र सिंह (मुख्य कार्यशाला प्रबंधक, सिग्नल एवं टेलिकॉम कार्यशाला, भायखळा), प्रधान विभाग प्रमुख, मुंबई डिवीजन के मंडल रेल प्रबंधक सहित मध्य रेल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
