श्री सिद्धार्थ सांस्कृतिक परिषद का वार्षिक उत्सव सम्पन्न
बैंगलोर
श्री सिद्धार्थ सांस्कृतिक परिषद, बैंगलोर का वार्षिक उत्सव रविवार, 20 जुलाई 2025 को बिहार भवन में बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामयी वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11 बजे ईश वंदना के साथ हुई। परिषद के दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।
कार्यक्रम में अध्यक्ष श्री एस.के. उपाध्याय ने स्वागत भाषण दिया और परिषद सचिव पंडित राजगुरु ने वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 का वार्षिक प्रतिवेदन सभा में प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने करतल ध्वनि से अनुमोदित किया। कोषाध्यक्ष मिंटू दुबे ने पिछले वर्ष का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। आगामी वर्ष के लिए आनंद मिश्रा एंड कंपनी को अंकेक्षक नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम में परिषद के वरिष्ठ सदस्य एवं संयोजक हरिश्चंद्र झा ने आगामी कार्य योजनाओं पर सुझाव प्रस्तुत किए, वहीं राजेश्वर सिंह ने परिषद की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय रूप से आगे बढ़ाने पर जोर दिया। आनंद मोहन झा ने परिषद की संपत्तियों के संरक्षण पर चर्चा की। समन्वयक उदय कुमार ने सदस्यता अभियान को और व्यापक बनाने की अपील की तथा उन्हें इस वर्ष के दुर्गा पूजा अध्यक्ष के रूप में मनोनीत किया गया।
वार्षिक उत्सव के अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाज के गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। ताइक्वांडो में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आण्वी झा, पीएचडी उपाधि प्राप्त करने पर डॉ. प्रीति मिश्रा, समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए मनोज कुमार एवं स्वाति प्रिया, हिंदी भाषा में उत्कृष्ट कार्य हेतु निकिता कुमारी, नृत्य में सक्षम भारद्वाज, संगीत में प्रीति राही और साहित्य में राही राज़ एवं सीमा नारायण को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सचिव पंडित राजगुरु ने सभी उपस्थित सदस्यों एवं अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया। समारोह का समापन स्वरुचि भोजन के साथ हुआ। परिषद के इस भव्य आयोजन ने बिहार भवन को गौरवान्वित कर दिया।

सुरेश परिहार, संपादक, लाइव वॉयर न्यूज, पुणे
