
आशा गुप्ता
धोखा खाना अच्छा है,
देने से तो… पर कब तक?
मैं भी इन दिनों खा रही हूँ
यही छद्मवेशधारी धोखा।
मित्र, भाई, बंधु-बांधव, हितैषी,
सभी खोखले, काग़ज़ी रिश्ते।
बातों के महल और
बस बातों के घोंसले,
जहाँ वही रचते हैं ये,
जो चाहता है इनका मन।
अपने समय से चलता है,
अपने समय पर चलता है।
तुम हो भी क्या पगली…
केवल कूड़ेदान।
हाहाहा… हाहाहा… हाहाहा…
हाँ, कूड़ेदान हो तुम…
जहाँ ये काग़ज़ी रिश्ते
अपना तनाव, अपना दुःख,
अपनी परेशानी उड़ेल जाते हैं।
जानती हो क्यों?
क्योंकि तुम खाली हो,
क्योंकि तुम्हारे पास
पिघल जाने को
एक अदना-सा दिल है।
क्योंकि तुम्हारे पास
असीमित समय है,
जो कभी खत्म ही नहीं होता।
पर किसी ने क्या कभी
यह भी सोचा है कि
कूड़ेदान की भी ज़िंदगी है,
उसका भी मन है, हृदय है।
उसे भी तो परेशानी होती होगी,
कोई तनाव उसे भी
आंदोलित करता होगा।
उसका भी कोई दुःख होगा?
अब विरक्त होने लगा है न
तुम्हारा मन…
भ्रम और झूठ से,
सपनों की लूट से?
नहीं… मत कहो ऐसा,
वरना लोग तुम पर हँसेंगे।
सीधेपन पर सब हँसते हैं,
इसलिए चुप रहो ऐसे,
जैसे तुम कोई शिला हो,
जैसे तुम कोई अभेद किला हो।
जानती हूँ कि…
सबकी सड़ांध को ख़ुशबू में
परिवर्तित करते-करते,
एक दिन तुम स्वयं के
उपजे हुए बदबूदार
अंतर्मन में दब जाओगी।
क्योंकि तुम कूड़ेदान हो,
तुम्हें गंध कहाँ सताती है?
पत्थर-से शरीर में
शीशे-सा दिल रखने की ही
तू सज़ा पाती है…
