gulmohar

निशान

माथे पर पुराने निशान वाला डॉक्टर अपने सामने बैठी महिला को देखकर बचपन की यादों में खोया हुआ. कुछ निशान शरीर पर होते हैं, लेकिन उनकी कहानी दिल में दर्ज रहती है.

लक्ष्मी लाल

भी भी कुछ मरीजों को देखना बाकी था। अभी मैं राहत की साँस लेकर उठा ही था कि एक महिला आ गई। सिर झुकाए उनकी मामूली-सी तकलीफ़ सुनकर दवा लिख दी। जाते-जाते वह रुकी और शरारत भरी मुस्कान से पूछा, “डॉक्टर साहब, आपकी ललाट पर यह निशान कैसा?”

खिलखिलाती हुई वह केबिन से निकल गई। मैं क्रोध से बौखला गया। कैसे इसने ऐसी हिमाकत की, ऐसा सवाल पूछने की! अचानक स्मृति के वातायन से मिठास भरा, सुवासित झोंका-सा आया। मेरे दिल की धड़कनें बेहद बढ़ गईं। खुशियाँ हिलोरें लेने लगीं। ओह, तो यह शिखा थी! ऐसी छेड़खानी तो केवल वही करती थी।

समय पर जमी गर्द उड़ने लगी।

मेरे बगीचे से रोज कच्चे आम की चोरी हो रही थी। सोचा, चोर को पकड़कर ही दम लूँगा। आम के पत्तों के बीच छिपकर झाँक रहा था कि एक छोटा-सा पत्थर मेरी ललाट पर पड़ा। दर्द से चीखता हुआ मैं नीचे कूद गया।

भागती हुई वह लड़की मेरी चीख सुनकर रुक गई। उसने पलटकर देखा तो मैं अपना सारा दर्द भूलकर उसके मासूम चेहरे को देखता रह गया। यह वही तो है, जिसके स्कूल से लौटने की प्रतीक्षा मैं अपनी खिड़की के पर्दे से झाँककर किया करता था। कभी नज़रें मिली भीं तो वह पास के अपने घर में चली गई।

आज वही लड़की हाथ जोड़कर मुझसे क्षमा माँग रही थी। अचानक उसकी नज़र मेरी ललाट से बहते खून की ओर पड़ी। पश्चात्ताप एवं ग्लानि के भाव उसके चेहरे पर स्पष्ट थे। उसने अपने दुपट्टे के एक छोर से खून को रोकने की कोशिश की।

अपना दर्द भूलकर मैं उसकी बड़ी-बड़ी निर्मल आँखों में डूबा रहा। नज़रें मिलते ही वह शरमाकर भाग गई। मैं हवा में उड़ते उसके दुपट्टे को देखता रह गया।

अब खिड़की से झाँकती उसकी आँखें भी कभी-कभी दिखाई देतीं। ज़ख्म भरने के बावजूद निशान रह गया था, जो हमारे मूक प्रेम का साक्षी था। अब मुझे देखते ही वह छेड़ती, “यह निशान कैसा?”

आज वर्षों बाद उसने मेरे हृदय में हलचल मचा दी। उसकी खिलखिलाहट अभी भी केबिन में मानो गूँज रही थी।

चैत्र की तपती हवा अब मुझे फाल्गुनी हवा-सी अपने आँचल से दुलरा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *