
सुमिता नारवाल, जयपुर
ऐसे ही ख़याल आया कि
बातें चंद करूँ अपने ख़यालों से।
कहाँ से आते हो तुम,
कभी ऊँचाइयों को नापने,
तो कभी गहराइयों की थाह लेने को।
ख़यालों से पूछा,
आख़िर तुम रहते हो कहाँ?
क्या तुमने बसा रखा है एक जहाँ?
कितना सुंदर होगा और होगा
कितना अलग।
क्या तुम रहते हो
दिलों में या रहते हो पलकों पर?
बसते हो ज़मीं पर
या सजते हो फ़लक पर?
ऐसे ही ख़याल आया कि
बातें चंद करूँ अपने ख़यालों से।
क्यों हो आख़िर तुम इतने ख़ूबसूरत,
जो आने से बना देते हो दूरियाँ हँसी,
और बिखेर देते हो रंगीनियाँ।
तो कभी क्यों बढ़ा देते हो
बेचैनियाँ और बेताबियाँ,
तो कभी दिखा देते हो
ख़ुशी की झलक।
ऐसे ही ख़याल आया कि
बातें चंद करूँ अपने ख़यालों से।
पूछूँ तुमसे, क्यों अच्छा लगता है
बैठे रहना, डूबे रहना ख़यालों में?
क्यों हो जाता है कभी गुमान
कि नहीं, वो केवल ख़याल,
हैं वो हक़ीक़त।
कैसे राह बनाते हो आसान,
जब स्थिति हो विकट?
क्या कोई जड़ी-बूटी है
तुम्हारे निकट?
ऐसे ही ख़याल आया,
डूबी रहूँ ख़यालों में।
