जमीन निवेश के नाम पर 2.40 करोड़ की ठगी

पुणे में जमीन निवेश के नाम पर 2.40 करोड़ की ठगी, रिटायर्ड एसीपी समेत 5 पर केस

सेवानिवृत्त एसीपी सहित 5 पर केस

पुणे: शहर में जमीन निवेश के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। चतु:श्रृंगी पुलिस ने सेवानिवृत्त सहायक पुलिस आयुक्त सुशील कदम उनकी पत्नी और बेटे सहित 5 लोगों के खिलाफ 2 करोड़ 40 लाख रुपये की ठगी के आरोप में मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बोरज क्षेत्र में 12 एकड़ जमीन में निवेश कराने का लालच देकर शिकायतकर्ता का विश्वास जीता। उन्होंने दावा किया कि इस जमीन में निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिलेगा। इसी बहाने अलग-अलग तरीकों से बड़ी रकम ली गई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने जमीन मालिक के नाम पर फर्जी बैंक खाते खुलवाए और उसमें पैसे जमा कराए। शिकायतकर्ता से 50 लाख रुपये की पे ऑर्डर, 25 लाख रुपये आरटीजीएस के जरिए और करीब 30 लाख रुपये अन्य माध्यमों से लिए गए। इसके अलावा 1 करोड़ 35 लाख रुपये नकद लेकर जमीन का सौदा कराने का आश्वासन दिया गया।

पुलिस का कहना है कि बाद में आरोपियों ने यह झूठी जानकारी दी कि जमीन मालिक की मृत्यु हो गई है, जिससे सौदा आगे नहीं बढ़ सका। इसी दौरान शिकायतकर्ता को पैसे वापस मांगने पर धमकाया गया। आरोप है कि उसे गायब करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई। शिकायत मांजरी क्षेत्र के 35 वर्षीय युवक ने दर्ज कराई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पूरी साजिश पहले से रची गई थी। पुणे पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक जाध कर रहे हैं और आरोपियों की भूमिका की गहराई से पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *