एसयूवी से सस्ती शराब बेचता तस्कर गिरफ्तार

उज्जैन में नीलगंगा पुलिस ने अवैध शराब तस्कर को पकड़ा।

70 हजार की शराब और कार जब्त

उज्जैन,
अवैध शराब के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत नीलगंगा पुलिस ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो एसयूवी कार के जरिए सस्ती दरों पर देशी और विदेशी शराब बेच रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में शराब और वाहन जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, सर्कल भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि दाऊदखेड़ी स्थित न्यू आरटीओ कार्यालय रोड पर एक एक्सयूवी-300 वाहन से अवैध रूप से हाथ भट्टी से बनी देशी शराब और बिना लेबल की अंग्रेजी शराब कम कीमत पर बेची जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां मौजूद भीड़ पुलिस को देखते ही मौके से भाग गई।

इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक सफेद केन में देशी शराब और तीन थैलों में अंग्रेजी शराब के क्वार्टर बरामद किए गए। कुल मिलाकर 500 क्वार्टर अंग्रेजी शराब और करीब 20 लीटर हाथ भट्टी से बनी देशी शराब जब्त की गई।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनीष पिता लक्ष्मण राय (43), निवासी सुदामानगर बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 हजार रुपये कीमत की देशी शराब, 70 हजार रुपये की अंग्रेजी शराब और लगभग 8 लाख रुपये कीमत की कार जब्त की है। नीलगंगा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

2 thoughts on “एसयूवी से सस्ती शराब बेचता तस्कर गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *