
पूनम सिंह, प्रसिद्ध लेखिका, मेरठ
घर के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे, कहीं से भी कोई आवाज़ नहीं आ रही थी। ठंड अधिक होने की वजह से लोग जल्दी ही अपने घरों में दुबक जाते हैं, शायद इसी वजह से।
परंतु उस सर्द रात में वह अपने कमरे के एक कोने में फर्श पर खड़ी खड़ी आंसू बहा रही थी. आंसू बेबसी और लाचारी के।
वह खुद से लड़ रही थी, क्योंकि हालातों से टकराने की हिम्मत उसके पास नहीं थी। समय के हाथों कठपुतली बनकर नाचना ही उसकी नियति थी।
ठंड के कारण उसके बदन में कंपकंपी हो रही थी, पर सजा तो काटनी ही थी। सर्द रात में सारी रात वह कमरे के एक कोने में खड़ी रही।
और जानते हैं सजा देने वाला कौन था? कोई अंजान नहीं उसका स्वयं का पति, परमेश्वर।
हाँ, पति ही तो परमेश्वर होता है। यही सोचकर वह अपने पति के सारे जुल्म सहती आई थी। और पूरी सजा देने की प्रक्रिया में उसे अपनी माँ की वह सीख याद आती थी, जो उन्होंने बिदाई के समय दी थी.
“बेटी, अपने पति की हर बात मानना। वह जैसा कहे वैसा ही करना। एक स्त्री के लिए उसका पति भगवान होता है। पिता के घर में डोली और पति के घर से जिसकी अर्थी उठती है, वह बहुत भाग्यशाली होती है।”
वह बेचारी, खुद को भाग्यशाली बनाने के चक्कर में अपने आप और अपने भाग्य से लड़ रही थी।
आज, बरसों बाद, जब उसका पति इस दुनिया में नहीं हैं, वह अकेले अपने कमरे में बिस्तर पर पड़ी, उसी कोने को देख रही थी और उस भयानक सर्द रात के बारे में सोच रही थी।
उस सर्द रात की दस्तक आज भी उसके तन-बदन को कंपा जाती है. ठंड से ज्यादा उस सजा से।

अच्छी कहानी
बहुत आभार आपका 🙏
Bahut acchi lagi aapki rachna poonam ji