अब 31 अक्टूबर तक सिर्फ 75 रुपये में देख सकेंगे शिवसृष्टि

अभय भुतड़ा फाउंडेशन ने दिया 75 लाख रुपये का अनुदान टिकट दरों में बड़ी कटौती

पुणे, 11 अगस्त 
छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, संघर्ष और गौरवशाली इतिहास को दर्शाने वाली शिवसृष्टी थीम पार्क में रियायती दरों का आनंद अब 31 अक्टूबर तक लिया जा सकेगा। 15 मई से शुरू हुई इस पेशकश के बाद तीन महीनों में 1.5 लाख से अधिक लोगों ने यहां आकर शिवकाल का अद्भुत अनुभव किया। जनता की भारी मांग और अभय भुतड़ा फाउंडेशन के 75 लाख रुपये के अतिरिक्त सहयोग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
महाराजा शिवछत्रपति प्रतिष्ठान के ट्रस्टी एवं शिवसृष्टी परियोजना के अध्यक्ष जगदीश कदम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अभय भुतड़ा फाउंडेशन पहले भी 50 लाख रुपये का दान दे चुका है। इस फंड से 15 मई से 15 अगस्त तक टिकट दरें घटाकर 75 रुपये की गई थीं। अब अतिरिक्त 75 लाख रुपये के अनुदान से यह रियायत 31 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई है।
पहले टिकट दर वयस्कों के लिए 600 रुपये और 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए 300 रुपये थी, जो अब सीमित अवधि के लिए 75 रुपये होगी। 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को प्रवेश नहीं मिलेगा। ऑनलाइन पंजीकरण शिवसृष्टी की वेबसाइट पर किया जा सकेगा।
शिवसृष्टी के दो चरण पूरे हो चुके हैं और तीसरा चरण तेजी से निर्माणाधीन है। दूसरे चरण में शुरू हुआ *टाइम मशीन थिएटर* विशेष आकर्षण है, जो मैपिंग, होलोग्राफी और 360 डिग्री रोटेटिंग थिएटर के जरिए शिवाजी महाराज के युग का 36 मिनट का रोमांचक अनुभव देता है। अन्य आकर्षणों में ‘दुर्गवैभव’, ‘रणांगण’, आगरा से रिहाई, ‘श्रीमंत योगी’, ‘सिंहासनाधीश्वर’, ऐतिहासिक पेंटिंग्स की प्रदर्शनी और प्रतापगढ़ किले के स्थल जैसे मॉडल शामिल हैं।
तीसरे चरण में महाराज के राज्याभिषेक समारोह को 65,000 वर्ग फुट क्षेत्र में एआर, वीआर और होलोग्राफी तकनीक से पुनर्निर्मित किया जाएगा, जिसके लिए इंडिगो एयरलाइंस ने सीएसआर फंड से 30 करोड़ रुपये का दान दिया है।
जगदीश कदम ने उम्मीद जताई कि यह पहल नई पीढ़ी में नैतिक मूल्यों और कर्तव्य भावना को बढ़ावा देगी और अधिक से अधिक लोग शिवचरित्र से जुड़ सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *