Live Wire News literary portal with Gulmohar and Rajnigandha flowers

BMW ग्रुप इंडिया का नया कीर्तिमान: 5,000 इलेक्ट्रिक कार डिलीवरी पार

 4,000 किमी लंबा चार्जिंग कॉरिडोर शुरू

गुरुग्राम। लग्जरी कार निर्माता  BMW ग्रुप इंडिया  ने भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के क्षेत्र में बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। कंपनी ने 5,000 इलेक्ट्रिक कारों की डिलीवरी पूरी कर देश की पहली लग्जरी कार कंपनी बनने का गौरव प्राप्त किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ ही BMW ने देश में 4,000 किमी लंबा हाई-पावर चार्जिंग कॉरिडोर भी शुरू किया है, जो उत्तर से दक्षिण भारत तक फैला है। कंपनी के प्रेसिडेंट और सीईओ विक्रम पवाह ने कहा कि यह केवल एक संख्या नहीं बल्कि BMW की ई-मोबिलिटी के प्रति प्रतिबद्धता और लग्जरी को टिकाऊपन के साथ जोड़ने की सोच का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस कॉरिडोर के जरिए अब जम्मू से मदुरै तक इलेक्ट्रिक वाहन ग्राहक बिना किसी चिंता के यात्रा कर सकेंगे।

यह कॉरिडोर हर 300 किमी पर चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध कराएगा और दिल्ली, जयपुर, अहमदाबाद, मुंबई, पुणे, हुबली, बेंगलुरु, कोयंबटूर और मदुरै जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ेगा। खास बात यह है कि इस नेटवर्क का लाभ सभी ब्रांड्स के इलेक्ट्रिक वाहन मालिक उठा सकेंगे। स्टेशन की क्षमता 120kW से 720kW तक होगी। BMW का कहना है कि चार्जिंग लोकेशन ऐसे स्थानों पर चुनी गई है, जहां ग्राहक वाहन चार्जिंग के दौरान कैफे, रेस्त्रां या आसपास की अन्य सुविधाओं का आनंद ले सकें। इसके अलावा, कंपनी ने करीब 300 डेस्टिनेशन चार्जर भी लग्जरी होटलों, रिसॉर्ट्स और मॉल्स में स्थापित किए हैं।वर्तमान में BMW इंडिया 6,000 से अधिक चार्जिंग पॉइंट्स उपलब्ध करा रही है। साथ ही, BMW चार्जिंग कंसीयर्ज जैसी सुविधाओं के जरिए लंबी यात्राओं की योजना, चार्जिंग एक्टिवेशन और यूनिफाइड पेमेंट की सुविधा दी जा रही है।
BMW भारत में सबसे व्यापक लग्जरी इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो रखती है, जिसमें i7, iX, i5, i4, iX1 लॉन्ग व्हीलबेस, MINI कंट्रीमैन E और इलेक्ट्रिक स्कूटर्स CE 04 व CE 02 शामिल हैं। 2025 की पहली छमाही में कंपनी की EV बिक्री में 234% की जबरदस्त वृद्धि हुई और EV अब BMW इंडिया की कुल बिक्री का 18% हिस्सा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *