आर्मी मेरिट लिस्ट से मिस इंडिया हरियाणा 2026 तक का प्रेरणादायक सफर

-प्रसिद्ध लेखिका रेणु शब्द मुखर (जयपुर) की रिपोर्ट
मुंबई. 16 फरवरी 2026 की शाम मुंबई में आयोजित भव्य ग्रैंड फिनाले में हरियाणा की देबस्मिता ने फेमिना मिस इंडिया हरियाणा 2026 का ताज जीतकर इतिहास रच दिया. इस जीत के साथ वह अब 61वें फेमिना मिस इंडिया राष्ट्रीय मंच पर हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगी. देबस्मिता ने नई दिल्ली में हुए दो दिवसीय स्क्रीनिंग राउंड से लेकर मुंबई में आयोजित तीन दिवसीय फाइनल चरण तक कड़ी प्रतिस्पर्धा को पार किया. प्रतिभागियों की सोच, व्यक्तित्व, मंच संचालन क्षमता और सामाजिक दृष्टिकोण की गहन परीक्षा के बाद उन्हें विजेता चुना गया.
हरियाणा के सलावाहस गांव से जुड़ीं देबस्मिता की परवरिश राजस्थान के अजमेर में हुई. वह मेयो कॉलेज गर्ल्स स्कूल की पूर्व छात्रा हैं और खेल व नेतृत्व गतिविधियों में सक्रिय रहीं. उन्होंने माउंट कार्मेल कॉलेज से स्नातक किया और वर्तमान में क्राइस्ट यूनिवर्सिटी से सस्टेनेबल डेवलपमेंट में मास्टर डिग्री के साथ एंथ्रोपोलॉजी का अध्ययन कर रही हैं.
विशेष बात यह है कि उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग स्तर की परीक्षा और सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड प्रक्रिया सफलतापूर्वक पार कर सेना की मेरिट सूची में स्थान बनाया. मॉडलिंग के साथ वह कन्नड़ फिल्म ब्लडी बाबू में मुख्य भूमिका निभा चुकी हैं. सामाजिक कार्यों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है.
देबस्मिता ने कहा कि यह ताज सम्मान के साथ जिम्मेदारी भी है. अब उनकी नजर राष्ट्रीय मंच पर है, जहां वह हरियाणा की नई सोच और आत्मविश्वास की पहचान बनकर उतरेंगी.
