gulmohar

इंसान और जीव-जंतु

प्रकृति में मनुष्य और अन्य जीव-जंतुओं के बीच स्वाभाविक समानता का प्रतीकात्मक दृश्य। प्रकृति के सामने मनुष्य भी अन्य जीव-जंतुओं की तरह जीवन और मृत्यु के नियमों से बँधा है।
लेखिका रीता दास राम का साहित्यिक साक्षात्कार
रीता दास राम (रीदारा)

स्वाभाविकता लिए
धरती पर
उतने ही सुंदर और
आकर्षक हैं स्त्री-पुरुष,
जितने प्रकृति के सारे मादा और नर।
इनमें ज्यादा या कम देखना
इंसानी फितरत है।

हया, लज्जा, बनाव, श्रृंगार
और अतिरिक्त उपादेयता ने
इंसानों को बेहद
बनावटी और नकली बना दिया है।

अपने अस्तित्व के
ओढ़े हुए खोखलेपन को ढोते
स्त्री-पुरुष की
स्वाभाविक व्याख्या ही बदल गई है।

प्यार का मतलब प्यार नहीं रहा,
कुछ और हो गया है।

जिस्मानी रिश्ते
लेन-देन के गणित
के अपने तरीके होकर रह गए हैं।

व्यापार, राजनीति,
बदलते समाज के साथ संस्कृति के
मायने बदलते रहे हैं।

प्यार को मजबूरी की तरह लपेटे
वैवाहिक संबंधों ने
बंद आँखों से जीवन जीते रहने का मतलब साझा किया है।

प्यार के
कई मायने देखे जा सकते हैं।
प्यार आज भी
प्राकृतिक सुंदरता के साथ
सरल, सहज है।
उस पर गुणात्मक बदलाव
इंसानों की अपनी मिल्कियत है।

प्रकृति और नैसर्गिक रूपों में
परिवर्तन और आघात करता इंसान,
स्त्री-पुरुष संबंधों के
वासनायुक्त, आह्लादित
उल्लास में डूबते-उतराते
इंसानियत भूल
खुद को खुदा मान बैठा है।

जरूरत के अनुसार सभ्य होना
बस एक क्रिया-सी बची है।

जबकि पृथ्वी पर अन्य
जीव-जंतुओं से इतर
इंसानों की भी औकात यही है कि…

सभी की तरह पैदा होते हुए
एक दिन उसे भी… मर ही जाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *