
हेमा म्हस्के, पुणे
महात्मा फुले की दो सौवीं जयंती का वर्ष शुरू हो रहा है। महाराष्ट्र सहित देश के विभिन्न राज्यों में उनकी जयंती मनाई जा रही है। महात्मा फुले ने अपने समय में दलितों, वंचितों, किसानों, महिलाओं और बच्चों के लिए जो किया, वह महात्मा फुले के ही वश की बात थी। उनके योगदानों को आज भी याद करने की जरूरत है।
उनके और उनकी पत्नी सावित्रीबाई फुले के प्रयासों से महिलाओं के शिक्षित होने के रास्ते खुले हैं, लेकिन महिलाओं के साथ भेदभाव और अत्याचार की घटनाएँ आज भी हो रही हैं। उन्होंने महिलाओं को जो सम्मान दिया, उसकी वे एक अनूठी मिसाल हैं। खासकर विधवाओं की स्थिति आज भी बहुत बुरी है। उनसे प्रेरणा लेकर महाराष्ट्र में आज भी विधवाओं की हालत सुधारने के लिए आंदोलन चल रहे हैं। राज्य सरकार भी उनका समर्थन कर रही है। इसी तरह के आंदोलन देश के दूसरे राज्यों में भी छेड़ने की जरूरत है, क्योंकि आज भी विधवाओं के साथ अत्याचार जारी हैं। उनके मंगलसूत्र तोड़े जाते हैं, कुंकुम मिटाया जाता है।
महाराष्ट्र सरकार ने एक सर्कुलर जारी कर पंचायतों से विधवाओं के साथ होने वाले अत्याचार को रोकने की अपील की है। बावजूद इसके, लोगों में पूरी तरह जागरूकता नहीं आई है। महात्मा फुले ने हजारों सालों से अन्याय सह रहे दलितों के उद्धार के लिए पहली बार हिम्मत की। उन्होंने मानसिक गुलामी से मुक्ति पाने का रास्ता दिखाया। उन्होंने अपने जीवनकाल में सत्यशोधक समाज का गठन कर कई तरह के सुधार आंदोलनों का सूत्रपात किया।
19वीं सदी में विधवा का जीवन सबसे ज्यादा दुखद था। छोटी उम्र में विधवा होना, फिर सिर मुंडवा देना, अच्छा खाना-कपड़ा छीन लेना, घर से निकाल देना और दोबारा शादी पर रोक लगा देना। महात्मा ज्योतिबा फुले ने इसी के खिलाफ सबसे पहले और सबसे साहस के साथ आवाज उठाई।
महात्मा फुले का ध्यान समाज में व्याप्त विषमता की ओर अधिक था। धर्म के नाम पर स्त्रियों पर जो अत्याचार हो रहे थे, उन्हें भी वे खुली आँखों से देख रहे थे। राजा राममोहन राय के प्रयासों के कारण सती प्रथा पर रोक अवश्य लगी, लेकिन तब भी वह पूरी तरह समाप्त नहीं हुई थी। पति की मृत्यु के बाद स्त्रियों को इस तरह जिंदा जला देना अभिनंदनीय माना जाता था। स्त्रियों को जन्म से ही हीन माना जाता था और जन्म लेते ही कन्या का गला घोंट देने की प्रथाएँ राजपूतों की कुछ जातियों में प्रचलित थीं।
विधवाओं की हालत तो नरक से भी बदतर थी। न उनका पुनर्विवाह हो सकता था, न वे किसी शुभ समारोह में उपस्थित रह सकती थीं और न ही उनके लिए जीवन जीने के कोई सुख-साधन थे। जहाँ तक हो सके, उनके बाल काटकर और काले वस्त्र देकर उन्हें विद्रूप, तिरस्करणीय तथा अपमानजनक अवस्था में रहने के लिए मजबूर किया जाता था। उनके मानसिक और शारीरिक शोषण की कोई सीमा ही नहीं थी। इसके अलावा न जाने कितनी और भी प्रथाएँ थीं। महात्मा फुले ने इन सभी अमानवीय प्रथाओं के खिलाफ जंग छेड़ दी।
अन्य जातियों के अलावा ब्राह्मणों में तो विधवाओं की स्थिति अधिक दयनीय थी। विष्णु शास्त्री बापट ने 1840 से विधवाओं के विवाह के लिए प्रयास शुरू कर दिए थे। 25 जुलाई 1859 को सरकार ने विधवा विवाह का कानून पास किया, लेकिन उससे सामाजिक स्थिति में कोई विशेष सुधार नहीं आया।
फुले ने विधवा विवाह को सिर्फ समर्थन ही नहीं दिया, बल्कि इसके लिए आंदोलन भी चलाया। विधवा पुनर्विवाह कानून बनने के बाद वे जगह-जगह घूमकर लोगों को इसके पक्ष में समझाते रहे। उस समय खासकर ब्राह्मण विधवाओं का सिर मुंडवा दिया जाता था। महात्मा फुले ने नाइयों को समझाकर हड़ताल करवाई कि वे विधवाओं का सिर नहीं मुंडेंगे। उन्होंने नाइयों की हड़ताल आयोजित करके उन्हें विधवा महिलाओं के सिर मुंडवाने से इनकार करने के लिए राजी किया।
दूसरी ओर, भ्रूण हत्या का प्रचलन भी चिंता उत्पन्न कर रहा था। महात्मा फुले ने 1863 में एक बालहत्या प्रतिबंधक गृह शुरू किया। कोई भी विधवा वहाँ जाकर अपने बच्चे को जन्म दे सकती थी। उसका नाम गुप्त रखा जाता था।
महात्मा फुले ने इस बालहत्या प्रतिबंधक गृह के बड़े-बड़े पोस्टर सर्वत्र लगवाए। उन पर लिखा था, “विधवाओं, यहाँ अनाम रहकर बिना किसी बाधा के अपने बच्चे को जन्म दें। अपना बच्चा साथ ले जाएँ या यहीं रखें, यह आपकी मर्जी पर निर्भर होगा। अन्यथा अनाथालय में उन बच्चों की देखभाल होगी ही।”
यह सनातनियों के गढ़ में मानो बम फटने जैसा था। वे आपे से बाहर हो गए। क्या समझता है यह आदमी अपने आप को? होता कौन है यह ऐसा अनाथालय चलाने वाला? वे जानते थे कि ज्योतिबा के अलावा ऐसी हिम्मत और कोई नहीं कर सकता, लेकिन अब उनका कुछ बिगाड़ भी नहीं सकते थे।
इस तरह का बालहत्या प्रतिबंधक गृह पूरे देश में और कहीं नहीं था। सबसे बड़ी बात यह थी कि इसे एक अब्राह्मण, शूद्र माने जाने वाले ज्योतिबा ने खासतौर से ब्राह्मण विधवा स्त्रियों के लिए चलाया था। कई वर्षों तक यह अनाथालय चलता रहा और उसने अनेक असहाय विधवाओं की मदद की।
ज्योतिबा को अब तक कोई संतान नहीं थी। उनके पिता गोविंदराव की उम्र ढल रही थी। वे चाहते थे कि अगर संतान नहीं होती है तो ज्योतिबा दूसरा विवाह करें। उनके समय में तो यह आम बात थी। उन्होंने ज्योतिबा के ससुराल वालों को भी इस बात के लिए मना लिया था, लेकिन महात्मा फुले ने साफ तौर पर मना कर दिया।
उनका मानना था कि संतान नहीं होती, इसलिए किसी स्त्री को बाँझ कहना बहुत बड़ी निर्दयता है। संभव है कि उसके पति में दोष हो। ऐसी स्थिति में अगर वह स्त्री कहे कि मुझे दूसरा पति करना है, तो उस पुरुष पर क्या बीतेगी? केवल संतान उत्पन्न करने के लिए दूसरा विवाह करने की प्रथा महात्मा फुले को पसंद नहीं थी। अंत तक उन्होंने अपने पिता और सगे-संबंधियों की बात नहीं मानी।
उन पर कई बार जानलेवा हमले हुए। उस समय के तथाकथित उच्च जाति के लोगों ने उनकी जान लेने की कोशिश की थी।
फुले ने विधवा को सिर्फ दया का पात्र नहीं माना, बल्कि उसे जीने का अधिकार, शिक्षा, सम्मान और दोबारा शादी का अधिकार दिलाने के लिए लड़ाई लड़ी।
फुले की क्रांति किताबों की नहीं, जमीन की थी। इसलिए बाधाएँ भी हर तरफ से आईं।
फुले माली जाति से थे, जिसे उस समय शूद्र माना जाता था। एक ब्राह्मण मित्र की शादी में उन्हें जाति के कारण अपमानित करके निकाल दिया गया। इस घटना की वजह से ज्योतिबा फुले ने जाति प्रथा और भेदभाव को खत्म करने की ठान ली।
जब उन्होंने लड़कियों का स्कूल खोला, तो पुरोहितों और रिश्तेदारों के दबाव में उनके अपने धर्मभीरु पिता ने ही उन्हें और सावित्रीबाई को घर छोड़ने पर मजबूर कर दिया। सावित्रीबाई जब पढ़ाने जाती थीं, तो लोग उन्हें गालियाँ देते, थूकते, पत्थर मारते और गोबर उछालते थे।
स्कूल चलाने के लिए पैसे नहीं थे। समाज ने उनका बहिष्कार किया। लोगों ने उनके पिता को डरा-धमकाकर उन्हें घर से निकलवा दिया। तब उन्हें मुस्लिम मित्रों ने शरण दी और उन्होंने अपने मिशन को आगे बढ़ाना जारी रखा।
फुले ने ब्राह्मणवादी वर्चस्व, रूढ़िवादिता और भेदभावपूर्ण शिक्षा-व्यवस्था का खुलकर विरोध किया था। इसलिए जो लोग समाज सुधारकों की सूची बनाते थे, वे भी उच्चवर्गीय थे। उन्होंने फुले का नाम ही सूची से गायब कर दिया।
उन्होंने सिर्फ स्कूल नहीं खोला, बल्कि पूरी व्यवस्था को चुनौती दी। जाति, पुरोहितवाद, पूँजीवाद, स्त्री की गुलामी और विधवा प्रथा के खिलाफ आवाज उठाई। इसलिए उन्हें एक साथ धर्म, समाज, परिवार और सत्ता—सबसे लड़ना पड़ा।
फुले को बाहर वालों से ज्यादा अपने ही समाज, अपने ही घर और अपनी ही जाति-व्यवस्था से लड़ना पड़ा, फिर भी वे झुके नहीं।
