
सरला मेहता, इंदौर
भारत भू की सारे जग में
कीर्ति जिसने बखानी थी,
मर्दों में मर्दानी थी वो,
वीर इंदिरा गांधी थी।
कश्मीरी कमला की कली थी,
लाल जवाहर के घर जन्मी थी,
प्रियदर्शिनी नाम मिला,
मोती की पोती दुलारी थी।
दादी को आशंका थी,
पर दादा को आकांक्षा थी,
कई करोड़ बेटों से बढ़कर,
नेहरू की नाज़ुक बेटी थी।
लुकी-छिपी, दबी-दबी वह,
रहती थी खोई-खोई,
देशभक्ति की महती भावना
दिल में थी उसके सोई।
आनंद भवन के वैभव में भी
देशभावना व्यापी थी,
इंदु के बचपन की घड़ियाँ
संघर्ष-क्रांति में बीती थीं।
गुमी हुई आज़ादी पाने
बापू ने मन में ठानी थी,
नन्ही राजकुमारी ने भी
वानर सेना एक बनाई थी।
गांधी का संदेश मिला,
सुनी कहानी रानी झाँसी की,
फ्रॉक, विदेशी प्यारी गुड़िया
होली में जला डाली।
घर में नेताओं का जमघट,
क्रांति का परिवेश मिला,
गुपचुप खबरें, भाषणबाज़ी,
करती वह बाल सेनानी थी।
रोगी माँ की सेवा करते
अनजाने में बचपन लाँघा,
बिछड़ गई अपनी प्रिय माँ से,
गांधी-फिरोज़ का साथ मिला।
संजय-राजीव दो फूल खिले,
देश की प्रधानमंत्री बनी,
विजय पताका थी लहराई,
सारी दुनिया में पहचान बनी।
