प्रसिद्ध लेखिका मौसमी चंद्रा की एक संवेदनशील कविता

मौसमी चंद्रा, पटना
कभी-कभी बहुत इच्छा होती है
ईश्वर से कुछ प्रश्न करने की!
क्या मैंने लैला से कम प्रेम किया था?
या हीर की तरह मेरी प्रतीक्षा में
कोई युग कम पड़ गया था?
क्या मेरे प्रेम की तीव्रता में कोई त्रुटि थी,
मेरी प्रार्थनाओं में कोई कमी!
या मेरी आत्मा का समर्पण
किसी और की प्रेम-कथाओं से कमतर था?
फिर क्यों मेरा प्रेम
किसी अमर कथा का हिस्सा नहीं बन सका?
क्यों उसे समय ने अपनी सुविधानुसार
एक बीता हुआ प्रसंग मान लिया?
क्या प्रेम की सार्थकता
उसके मिल जाने में ही निहित है?
क्या जो प्रेम जीवन भर भीतर जीवित रहे,
उसे केवल इसलिए कम आँका जाएगा
कि वह किसी परिणति तक नहीं पहुँचा?
कभी ईश्वर से पूछूँगी,
क्या प्रेम का भी कोई नियत कालखंड होता है?
और यदि होता है,
तो उस प्रेम का क्या अपराध
जो समय की निर्धारित सीमाओं से परे चला गया?
मैंने तो उसे अपने हिस्से के
समूचे जीवन से चाहा था।
फिर क्यों लिखी गई मेरे प्रेम की आयु इतनी स्वल्प?
