
लक्ष्मी लाल
रिश्तों की चादर बुनी थी
प्यार और विश्वास के धागों से।
रेशम के धागों को सहलाया था
बड़े प्यार से,
दृढ़ हाथों की कोमलता से,
असीम स्नेह की छाया में
साँस ले रही थी।
चादर को तन-मन से
लिपटाए रखती थी।
मेरे मन-प्राण थे उसमें बसे हुए,
स्नेह-बंधन से कसे हुए।
खुशियों को थे पर लगे हुए,
भीनी-भीनी खुशबू ने अपने दामन में भींच रखा था,
सृजन के अहसास से सींच रखा था,
स्मृतियों के वैभव ने थाम रखा था।
यादों के मोतियों की माला कब तक बँधी रहती?
धुँधली यादों में उसे ढूँढ़ती रही।
कब माला टूटकर मोती बिखर गए,
प्रेम और विश्वास के किले ढहकर ईंटों में बदल गए।
रिश्तों के धागे कमजोर हो गए,
प्रेम-सुमन बेरहमी से मुरझा गए।
“सहज मार कबीर की”
चित्त से निकाल देने की सीख याद आई
और उन्हीं उँगलियों से तुरपन उधेड़ने लगी।
जब भावना ही मृत हो गई,
तो उस रिश्ते का क्या नाम?
दिखावे का अब नहीं रहा है कोई काम।
छोड़ दिया झूठे रिश्तों का मोह,
मन में रहा न कोई छोह।
उँगलियों से लहू बहते रहे,
मूक आँसू उन्हें धोते रहे।
