gulmohar

हे माँ ब्रह्मचारिणी

श्वेत वस्त्र धारण किए जपमाला और कमंडल के साथ माँ ब्रह्मचारिणी का दिव्य स्वरूप नवरात्रि के दूसरे दिन तपस्या, श्रद्धा और अटूट संकल्प की प्रतीक माँ ब्रह्मचारिणी को नमन।

सविता सिंह मीरा, जमशेदपुर

चहुँओर बिखरती पावन हरसिंगार की महक,
हे माँ! जगत में गूँज उठी तेरे आगमन की दस्तक।

नवरात्रि के पावन पर्व का है यह दूसरा दिन,
हे माँ ब्रह्मचारिणी! हम तुच्छ हैं तुम्हारे बिन।

एक कर में जप की माला, दूजे हस्त कमंडल,
श्वेत वस्त्रधारिणी माँ का, दिव्य दीप्त मुखमंडल।

हिमालय-सुता तपस्विनी, तुमने किया तप घोर,
तप के बल से ही पाया, शिव शंकर-सा वर सिरमौर।

तेरी कठिन तपस्या का, बस एक यही संदेश है,
अडिग रहे यदि प्रण मन का, तो निश्चित ही जय शेष है।

माँ, तेरे दिव्य आगमन से, अंतर्मन हुआ परम प्रसन्न,
रोली, अक्षत, धूप, कपूर, श्रद्धाभाव से करती हूँ अर्पण।

श्वेत वस्त्रधारिणी हे माँ, परम तपस्विनी कल्याणमयी,
हम तेरी संतान हैं, तू है सबकी माँ ममतामयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *