एक्सपर्ट ने बताया कितना सही है वायरल दावा
आजकल सोशल मीडिया पर खूबसूरत और ग्लोइंग स्किन पाने के लिए तरह-तरह के घरेलू नुस्खे वायरल होते रहते हैं. इन्हीं में एक दावा तेजी से चर्चा में है कि अगर रोज एक अनार खाया जाए, तो त्वचा में प्राकृतिक चमक आ सकती है. लेकिन क्या यह सच है या सिर्फ एक वायरल ट्रेंड? आइए जानते हैं एक्सपर्ट की राय.
कैसे शुरू हुई चर्चा?
अभिनेता और योग शिक्षक विजय जे आनंद ने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्होंने अपनी 17 वर्षीय बेटी सनाया को रोज एक अनार खाने की सलाह दी थी. करीब एक महीने बाद बेटी ने बताया कि उसकी त्वचा पहले से ज्यादा हेल्दी और चमकदार महसूस हो रही है. इसके बाद उन्होंने यह अनुभव अपने फॉलोअर्स के साथ साझा किया और कहा कि आयुर्वेद में भी अनार को बेहद लाभकारी माना गया है.उनका मानना है कि जूस की बजाय पूरा अनार खाना ज्यादा फायदेमंद होता है.
एक्सपर्ट ने क्या कहा?
इस दावे को लेकर ठाणे स्थित KIMS हॉस्पिटल्स की चीफ डाइटीशियन अमरीन शेख ने बताया कि इसमें काफी हद तक वैज्ञानिक सच्चाई मौजूद है.
सिर्फ ग्लो ही नहीं, मिलते हैं ये फायदे भी
उनके अनुसार, अनार विटामिन C और पॉलीफेनोल्स जैसे शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है. ये शरीर में बनने वाले फ्री रेडिकल्स से लड़ते हैं, जो त्वचा की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाकर समय से पहले उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को तेज कर सकते हैं.जब शरीर ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से सुरक्षित रहता है, तो त्वचा स्वाभाविक रूप से अधिक स्वस्थ और चमकदार दिखाई देती है.
अनार में मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण त्वचा की सूजन और जलन कम करने में मदद करते हैं. यह कोलेजन बनने की प्रक्रिया को भी बढ़ावा देता है.
कोलेजन वही प्रोटीन है, जो त्वचा को कसाव, लचीलापन और जवां बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है. इसके अलावा अनार शरीर को हाइड्रेट रखने में भी मदद करता है, जिससे त्वचा की प्राकृतिक नमी और चमक बनी रहती है.
अनार खाने का सबसे सही तरीका
विशेषज्ञों के अनुसार रोज एक छोटी कटोरी ताजे अनार के दाने खाना सबसे अच्छा विकल्प है.अगर जूस पीना हो तो बिना चीनी मिलाया हुआ ताजा अनार का जूस लें. हालांकि साबुत फल ज्यादा फायदेमंद माना जाता है क्योंकि उसमें भरपूर फाइबर भी होता है.
डाइट में ऐसे करें शामिल
- सुबह ओट्स या दही में अनार के दाने मिलाएं.
- फ्रूट बाउल में शामिल करें.
- सलाद में डालकर खाएं.
- दाल या कुछ सब्जियों में मिलाकर हल्का मीठा-खट्टा स्वाद दें.
नियमित सेवन से शरीर को इसके पोषक तत्वों का बेहतर लाभ मिलता है.
क्या सिर्फ अनार से ही चमक जाएगी त्वचा?
इस सवाल पर एक्सपर्ट का जवाब साफ है—नहीं.अनार त्वचा के लिए फायदेमंद जरूर है, लेकिन सिर्फ इसे खाने से ग्लोइंग स्किन नहीं मिल सकती. स्वस्थ और दमकती त्वचा के लिए संतुलित आहार, पर्याप्त पानी, अच्छी नींद, नियमित व्यायाम, धूप से बचाव और तनाव को नियंत्रित रखना भी उतना ही जरूरी है.
किन लोगों को बरतनी चाहिए सावधानी?
विशेषज्ञों के अनुसार किडनी की बीमारी से जूझ रहे लोगों या कुछ विशेष दवाएं लेने वाले मरीजों को रोजाना अनार खाने से पहले अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए.
