Live Wire News literary portal with Gulmohar and Rajnigandha flowers

अप्रैल में ही भीषण गर्मी का प्रकोप, पारा 43 डिग्री पार

उज्जैन गर्मी समाचार

1 से 8वीं तक स्कूल बंद, सुबह से ही तपिश, रातें भी गर्म

उज्जैन। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में ही गर्मी ने विकराल रूप ले लिया है। सूर्य की तीव्रता इतनी बढ़ गई है कि सामान्यतः मई में 43 डिग्री तक पहुंचने वाला तापमान इस बार अप्रैल में ही दर्ज किया गया। हालात ऐसे हैं कि दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा छा रहा है और लू के थपेड़े देर शाम तक महसूस हो रहे हैं।

गर्मी का असर अब रातों पर भी दिखने लगा है। शबे मालवा के लिए प्रसिद्ध उज्जैन की रातें भी गर्म हो गई हैं। रविवार की सुबह की शुरुआत ही तेज गर्मी के साथ हुई और लोग सुबह से ही पसीने से तरबतर नजर आए। स्थिति को देखते हुए शिक्षा विभाग ने पहली से आठवीं तक के स्कूल 30 अप्रैल तक बंद रखने का निर्णय लिया है।

लगातार बढ़ रहा तापमान, रात का पारा भी 25 पार

अप्रैल के अंतिम दिनों में गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले पांच दिनों से अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। शनिवार को तापमान में 1.5 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ यह 43 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं, रात के तापमान में भी तेजी से वृद्धि हुई है। शुक्रवार-शनिवार की रात जहां तापमान 22.5 डिग्री था, वहीं शनिवार-रविवार की रात यह बढ़कर 25.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

सुबह से ही तेज गर्मी, हवा की रफ्तार भी घटी

आमतौर पर शहर की सुबह ठंडी होती है, लेकिन रविवार को सुबह 8 बजे से ही तेज गर्मी महसूस होने लगी। लोग सुबह से ही पसीने-पसीने हो गए। साथ ही हवा की गति में भी कमी दर्ज की गई। सामान्यतः 4 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं घटकर 2 किमी प्रति घंटे रह गईं।

तापमान पर एक नजर

तारीख | न्यूनतम (°C) | अधिकतम (°C)
20 अप्रैल | 24.0 | 39.5
21 अप्रैल | 22.0 | 40.0
22 अप्रैल | 21.0 | 40.2
23 अप्रैल | 21.2 | 40.0
24 अप्रैल | 21.5 | 41.5
25 अप्रैल | 22.0 | 43.0

स्कूल समय में बदलाव, छोटे बच्चों को राहत

तेज गर्मी को देखते हुए शिक्षा विभाग ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। कक्षा 1 से 8वीं तक के स्कूल 30 अप्रैल तक बंद रहेंगे। वहीं 9वीं से 12वीं तक के स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित किए जाएंगे। यह आदेश सभी सरकारी, निजी, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्ड के स्कूलों पर लागू होगा।

गर्मियों की छुट्टियों का ऐलान

स्कूल शिक्षा विभाग ने ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा भी कर दी है। इसके अनुसार 1 मई से 15 जून तक विद्यार्थियों की छुट्टियां रहेंगी, जबकि शिक्षकों के लिए 1 मई से 31 मई तक अवकाश रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *