भस्म आरती में सम्मिलित हुए और बाबा महाकाल के दर्शन किए
उज्जैन– 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक श्री महाकालेश्वर मंदिर में मंगलवार तड़के भस्म आरती के दौरान फिल्मी जगत के कई सितारे शामिल हुए। पंजाबी फिल्मों के अभिनेता और सिंगर अमित भल्ला पारंपरिक पोशाक पहनकर भस्म आरती में सम्मिलित हुए और बाबा महाकाल के दर्शन किए।
अमित भल्ला ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें अत्यंत शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को जीवन में एक बार महाकाल के दरबार में अवश्य आना चाहिए, क्योंकि यहां आने से अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति होती है।
इसके बाद प्रसिद्ध अभिनेता अनुपम खेर और अभिनेत्री शुभांगी दत्त ने भी बाबा महाकाल की भोग आरती में शामिल होकर दर्शन किए। दर्शन के पश्चात अनुपम खेर ने सभा मंडप में भगवान वीरभद्र, श्री चंद्रादित्येश्वर महादेव और शंकराचार्यजी का विधिवत पूजन किया।
अनुपम खेर ने कहा कि महाकाल मंदिर आकर उन्हें अत्यंत सुखद अनुभूति हुई और उनकी पूजा-अर्चना सफल रही। उन्होंने भगवान महादेव से सभी के कल्याण और रक्षा की प्रार्थना की। वहीं शुभांगी दत्त ने बताया कि वह लंबे समय से यहां आने की इच्छा रखती थीं और आज पहली बार उन्हें यह सौभाग्य प्राप्त हुआ, जिससे वह बेहद प्रसन्न हैं।
