जमशेदपुर, 25 अगस्त (लाइव वायर न्यूज नेटवर्क)
त्यौहारों की चहक, लोकगीतों की मिठास और कविता की गूंजइन सबका संगम उस शाम देखने को मिला, जब सेनको गोल्ड शॉप ने तीज पर्व के अवसर पर एक विशेष आयोजन किया. आमतौर पर चमचमाते गहनों और ग्राहकों की चहल-पहल से सजी इस शॉप ने उस दिन संस्कृति, परंपरा और कला का रंगीन आँगन सजाया.

शाम की शुरुआत पारंपरिक मेहंदी से हुई. आमंत्रित कवयित्रियों के हाथों में मेहंदी रचाई गई, जिसने पूरे वातावरण को तीज की सुगंध से भर दिया. मुस्कुराहटों और गीतों के बीच यह दृश्य मानो घर-आँगन के उत्सव को जीवंत कर रहा था.
कविता का रस, गीतों की मिठास
इसके बाद शुरू हुआ काव्य पाठ. मंच पर जब डॉ. निवेदिता श्रीवास्तव ‘गार्गी ‘ ने अपनी कविताओं से तीज का महत्व उजागर किया तो श्रोताओं की आँखों में चमक उतर आई. डॉ. सविता सिंह ‘मीरा’ ने तीज और नारी भावनाओं को स्वर दिया. डॉ. वीणा पाण्डेय ‘भारती’सरिता सिंह, पूनम सिंह और नीलम पेड़ीवाल ने भी अपनी अनूठी रचनाओं से माहौल को गूंजा दिया. हर कविता में लोक परंपरा, नारी मन और उत्सव की झलक थी. इसके बाद कविता के साथ जब नृत्य और संगीत का संगम हुआ तो वातावरण और भी जीवंत हो उठा. तालियों की गड़गड़ाहट और संगीत की धुनों पर श्रोताओं के चेहरे खिल उठे. यहाँ तक कि शॉप के ग्राहक और स्टाफ भी इस जादुई लहर में बह निकले. गहनों की चमक के बीच संस्कृति की ये चमक अलग ही आभा बिखेर रही थी.

अनूठा और यादगार पल
आम तौर पर जहाँ लोग खरीदारी करने आते हैं, वहाँ कविता, संगीत और नृत्य का ऐसा संगम किसी त्योहार की तरह ही खास बन गया. ग्राहकों ने कहा कि यह उनके लिए एक अनोखा अनुभव थाजहाँ खरीदारी के साथ-साथ उन्हें संस्कृति की मिठास भी मिली.

शाम के अंत में सभी अतिथियों का सम्मान किया गया और साथ ही चाय-नाश्ते का आनंद भी लिया गया. यह आयोजन अपने पीछे मीठी यादों की छाप छोड़ गया. सेनको शॉप में कार्यरत तुलिका जी के आतिथ्य और उनकी सक्रियता ने सभी को प्रभावित किया। सेनको स्वर्ण आभूषणों की गुणवत्ता और उचित बजट में उपलब्धता के कारण ग्राहकों में इसकी खास पहचान है। साथ ही, विभिन्न लाभकारी स्कीम भी ग्राहकों को आकर्षित करती हैं। दुकान के ओनर और स्टाफ अपने विनम्र और व्यवहार-कुशल स्वभाव से ग्राहकों का दिल जीत लेते हैं।

जमशेदपुर से निवेदिता श्रीवास्तव की रिपोर्ट
