दगडूशेठ गणपति के चरणों में झुका पुणे

नववर्ष के प्रथम प्रहर में पुणे हुआ भक्तिरस से सराबोर

सुरेश परिहार, लाइव वॉयर न्यूज, पुणे

नववर्ष 2026 का शुभारंभ पुणे में पूर्णतः भक्तिमय वातावरण में हुआ. वर्ष के पहले ही प्रहर में श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति मंदिर आस्था का महासंगम बन गया. ‘मंगलमूर्ति मोरया, गणपति बाप्पा मोरया’ के मधुर और गूंजते जयघोष के साथ श्रद्धालुओं ने विघ्नहर्ता गणपति के चरणों में नववर्ष अर्पित किया.

तड़के 3 बजे से ही भक्तों की लंबी कतारें मंदिर परिसर में दिखाई देने लगीं. ठंडी सुबह, हाथों में पुष्प, नेत्रों में श्रद्धा और मन में विश्वास लिए हजारों भक्त दर्शन के लिए आतुर नजर आए. जैसे-जैसे प्रभात हुआ, मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र भक्तों से भर गया. श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई सार्वजनिक गणपति ट्रस्ट और सुवर्णयुग तरुण मंडल की ओर से मंदिर को रंग-बिरंगे पुष्पों और सुगंधित मालाओं से सजाया गया था, जिससे संपूर्ण वातावरण दिव्यता और शांति से परिपूर्ण हो उठा.

दिनभर मंदिर में भक्ति और साधना का क्रम अखंड रूप से चलता रहा. प्रभातकालीन सुप्रभात आरती के साथ अनुष्ठानों की शुरुआत हुई. इसके पश्चात अभिषेक श्रृंगार, नैवेद्यम आरती, माध्यान्ह आरती, सायंकालीन महामंगल आरती और रात्रि की शेजारती श्रद्धापूर्वक संपन्न हुई. प्रत्येक आरती के समय भक्त भावविभोर होकर विघ्नहर्ता का स्मरण करते नजर आए.

गुरुवार का पावन योग होने के कारण मंदिर में दैनिक अभिषेक, शिशु पूजन सेवा और व्यक्तिगत गणेश याग का विशेष आयोजन किया गया. माता-पिता अपने नन्हें शिशुओं को गोद में लेकर गणपति बाप्पा के चरणों में आशीर्वाद हेतु उपस्थित हुए. अनेक श्रद्धालुओं ने नए वर्ष में कष्टों से मुक्ति, परिवार की सुख-समृद्धि और समाज में शांति के लिए प्रार्थना की.

अत्यधिक भीड़ के चलते कई भक्तों ने सड़क से ही प्रभु के दर्शन कर शीश नवाया. मान्यता है कि सच्चे भाव से किया गया स्मरण कभी निष्फल नहीं जाता. नववर्ष के पहले दिन दगडूशेठ गणपति मंदिर में उमड़ा यह श्रद्धा-सागर पुणेकरों की अटूट आस्था, विश्वास और भक्ति भावना का जीवंत दर्शन कराता रहा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *