Live Wire News literary portal with Gulmohar and Rajnigandha flowers

कपिल दा जवाब नहीं

गली क्रिकेट से दिलों पर सिक्सर: उज्जैन में बच्चों संग मस्ती करते नजर आए कपिल देव

विश्व कप विजेता कपिल देव का सादगी भरा उज्जैन दौरा
गली क्रिकेट खेलकर जीता बच्चों का दिल, बिना तामझाम दोस्ती निभाने पहुंचे

उज्जैन. देश को पहला क्रिकेट विश्व कप दिलाने वाले महान ऑलराउंडर और पूर्व कप्तान कपिल देव का उज्जैन दौरा पूरी तरह सादगी और अपनत्व से भरा रहा. मंगलवार को अल्प प्रवास पर उज्जैन पहुंचे कपिल देव ने किसी औपचारिक कार्यक्रम या प्रोटोकॉल से दूरी रखते हुए आम लोगों और बच्चों के बीच समय बिताया.

फ्रीगंज क्षेत्र की एक गली में कपिल देव बच्चों के साथ गली क्रिकेट खेलते नजर आए. हाथ में बल्ला लेकर बच्चों के साथ हंसते-मुस्कुराते कपिल देव का यह अंदाज वहां मौजूद लोगों के लिए यादगार बन गया. क्रिकेट के इस दिग्गज को अपने बीच पाकर बच्चे उत्साह से भर गए और पूरे जोश के साथ उनके साथ खेलते दिखाई दिए. कपिल देव मोहनलाल सोनी और सरला सोनी के निवास पर पहुंचे थे. यहां उन्होंने बिना किसी सुरक्षा घेरे या औपचारिकता के बेहद सामान्य व्यक्ति की तरह समय बिताया. इस दौरान उनका व्यवहार पूरी तरह सहज और आत्मीय रहा, जिसने लोगों का दिल जीत लिया. उज्जैन प्रवास के दौरान कपिल देव ने पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा से भी मुलाकात की. हालांकि, भीड़ अधिक होने की आशंका के चलते उन्होंने श्री महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन नहीं किए. स्टारडम से दूर, सादगी और जमीन से जुड़े इस अंदाज ने यह साबित कर दिया कि कपिल देव आज भी लोगों के बीच उतने ही अपने हैं, जितने वे क्रिकेट के मैदान पर हुआ करते थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *